Jhansi News:एमडीएम की होगी डिजिटल निगरानी, एप पर अपलोड करनी पड़ेंगी तस्वीरें – Mid Day Meal (mdm) Scheme To Be Monitored Digitally, Photographs Will Have To Be Uploaded On An App
झांसी। परिषदीय विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना की निगरानी अब डिजिटल माध्यम से की जाएगी। शासन ने भोजन की गुणवत्ता और वितरण की वास्तविक स्थिति जानने के लिए यह कदम उठाया है। इसके लिए प्रेरणा डिजिटल रजिस्टर एप पर तस्वीरें अपलोड करना अनिवार्य किया गया है।
प्रधानाध्यापकों को प्रतिदिन भोजन की थाली और खाना खाते बच्चों की अधिकतम पांच तस्वीरें अपलोड करनी होंगी। फल और दूध वितरण का फोटो भी इस एप पर दर्ज करना अनिवार्य होगा। अब तक विद्यालयों में एमडीएम पंजिका में भोजन करने वाले बच्चों की संख्या दर्ज कर रिकॉर्ड रखा जाता था। नई व्यवस्था में अब तस्वीरों को साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है। इससे अधिकारियों को भोजन की उपलब्धता और निर्धारित मेन्यू के पालन की जानकारी मिलेगी। साथ ही भोजन की गुणवत्ता में कमी या वितरण में लापरवाही पर जिम्मेदारी तय करना आसान होगा।
तस्वीर अपलोड कराने की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक की
शासन के निर्देशों के अनुसार, सोमवार को दिए जाने वाले फल और बुधवार को वितरित होने वाले दूध की तस्वीर भी एप पर अपलोड करनी होगी। भोजन वितरण की तस्वीरें नियमित रूप से अपलोड कराने की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक की होगी। मुख्यालय स्तर से भी इन तस्वीरों की समीक्षा की जाएगी।
वर्जन
शासन के निर्देशों के अनुरूप परिषदीय विद्यालयों में एमडीएम व्यवस्था की निगरानी को प्रभावी बनाने के लिए प्रधानाध्यापकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत फोटो अपलोड करने के निर्देश दिए जाएंगे। इसका उद्देश्य बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराना और योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
-जितेंद्र कुमार, बीएसए
