रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
कानपुर:दत्तात्रेय होसबाले ने कहा- जीवन शैली बदलें, खाद्यान्न में विष है, युवा नशे से बचें – Dattatreya Hosabale Says Change Your Lifestyle; There Are Toxins In Our Food; Youth Must Avoid Substance Abuse
कानपुर

कानपुर:दत्तात्रेय होसबाले ने कहा- जीवन शैली बदलें, खाद्यान्न में विष है, युवा नशे से बचें – Dattatreya Hosabale Says Change Your Lifestyle; There Are Toxins In Our Food; Youth Must Avoid Substance Abuse

November 27, 2026


रासायनिक खेती से बढ़ रहीं बीमारियां बढ़ रही हैं। खाद्यान्न में विष है। पंजाब में कैंसर एक्सप्रेस चल रही है। डायबिटीज और ब्लड प्रेशर बढ़ गया है। ऐसे में जीवन शैली बदलें, प्रकृति के शोषण के बजाय संतुलित दोहन जरूरी है। दुनिया को मानवता, सहअस्तित्व और प्रकृति संरक्षण का मार्ग दिखाने के लिए अपने प्राचीन जीवन मूल्यों को व्यवहार में उतारना होगा। केवल अधिकारों की बात करने के बजाय कर्तव्यों को प्राथमिकता देनी होगी। सामर्थ्यवान कमजोरों को साथ लेकर चलें। यह बात राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कही।

सरकार्यवाह होसबाले शुक्रवार को मुख्य अतिथि के रूप में आध्यात्मिक एवं सेवा मेला के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मेले का आयोजन बृजेंद्र स्वरूप पार्क, बेनाझावर में किया गया है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी उपदेश सुनने वाली नहीं है। उसको प्रश्नों का उत्तर चाहिए, उदाहरण चाहिए। युवाओं को नशे से मुक्त कराना है। ड्रग्स बेचा जाना बंद होगा तो शस्त्रों का अवैध व्यापार रुकेगा। जब तक सेवा को जीवन का स्वभाव नहीं बनाया जाएगा, तब तक धर्म और आध्यात्मिकता का वास्तविक उद्देश्य पूरा नहीं होगा। 13 राज्यों के 36 स्थानों पर इस तरह के आयोजन हो चुके हैं, जिसका केंद्र सेवा, आधार आध्यात्मिकता और कवच हिंदुत्व है। भारत में सेवा की परंपरा हजारों वर्षों पुरानी है। पश्चिमी चिंतन जहां व्यक्तिगत अधिकारों और ”सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट” पर जोर देता है, वहीं भारतीय विचारधारा कर्तव्य, समन्वय और कमजोरों को संरक्षण देने की सीख देती है।

सेवा भावना को स्पष्ट करते हुए होसबाले ने गुजरात के अकाल का प्रसंग सुनाया, जहां एक गरीब वृद्धा अपनी छोटी थैली में गुड़ से बनी चार सुखड़ी (मिठाई) लेकर राहत शिविर पहुंची और कहा कि वह लेने नहीं, बल्कि देने आई है। इसी तरह दिल्ली के कुछ युवाओं ने होटलों में बचने वाले भोजन को बर्बाद होने से बचाकर एम्स, रेलवे स्टेशन और चांदनी चौक के जरूरतमंदों तक पहुंचाने की मुहिम शुरू की। उन्होंने कहा कि सेवा के लिए धन से अधिक संवेदनशीलता और समर्पण जरूरी है।

पर्यावरण संकट पर चिंता जताते हुए उन्होंने जल, जंगल, जमीन और वन्यजीवों के संरक्षण का आह्वान किया। प्रकृति शोषण कर लिया तो अगली पीढि़यों के लिए कुछ नहीं बचेगा। प्रकृति का संतुलित दोहन और स्वस्थ जीवनशैली अपनानी होगी। परिवारों में माता-पिता व बुजुर्गों के सम्मान जैसे संस्कार पर जोर दिया जाना चाहिए।

देशभक्ति के संदर्भ में उन्होंने 1857 से 1947 तक स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाले उन गुमनाम सेनानियों को खोजने और उनके परिवारों की कहानियां सामने लाने की अपील की, जिन्हें न स्मारक मिले और न पाठ्यपुस्तकों में स्थान। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में गुणवंत सिंह कोठारी उपस्थित रहे। अध्यक्षता राजकुमार लोहिया ने की। इस मौके पर स्वामी ज्ञानानंद, स्वामी रामचंद्र दास, भवानी भीख, नवेंदु शुक्ला, नीतू सिंह, सुधीर जैन आदि रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X