सुकून के दो पल बिताने पार्क पहुंची महिला, लेकिन अकेले बैठने पर लग गया जुर्माना, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान
Last Updated:
जर्मनी में एक महिला तनाव से परेशान होकर सुकून के कुछ पल बिताने पार्क पहुंची और बेंच पर बैठकर रोने लगी. लेकिन बच्चों के बिना खेल के मैदान में बैठना उसे भारी पड़ गया. नगर अधिकारियों ने उसे करीब ₹2,500 का जुर्माना थमा दिया. इस अजीब नियम ने लोगों को भी हैरान कर दिया.
AI IMAGE
कभी-कभी जिंदगी में इंसान इतना परेशान हो जाता है कि उसे कुछ पल अकेले बैठकर खुद को संभालने की जरूरत महसूस होती है. लेकिन सोचिए, अगर कोई व्यक्ति ऐसी जगह बैठकर अपने आंसू बहा रहा हो और उसे मदद के बजाय जुर्माना भरने का नोटिस मिल जाए तो कैसा लगेगा? जर्मनी से एक ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 31 वर्षीय महिला को बच्चों के खेल के मैदान में अकेले बेंच पर बैठकर रोने की वजह से जुर्माना भरने को कहा गया. इस घटना ने स्थानीय लोगों के बीच भी बहस छेड़ दी है.
अकेले बैठकर रो रही थी महिला
जर्मन मीडिया आउटलेट WDR की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला 25 अक्टूबर को गेल्सेनकिर्चेन शहर का है. यहां हाना नाम की 31 वर्षीय महिला मानसिक और आर्थिक परेशानियों से जूझ रही थी. पढ़ाई और पैसों से जुड़ी चिंताओं के कारण वह काफी तनाव में थी. इसी वजह से उसने घर से बाहर टहलने जाने का फैसला किया.
टहलते-टहलते वह एक बच्चों के खेल के मैदान में पहुंच गई और वहां लगी बेंच पर बैठकर अपनी आंटी से फोन पर बात करने लगी. इस दौरान वह भावुक हो गई और उसकी आंखों से आंसू निकलने लगे. महिला के मुताबिक, वह उस वक्त अकेले रहना चाहती थी और नहीं चाहती थी कि कोई उसे रोते हुए देखे.
हाना को अंदाजा भी नहीं था कि बच्चों के खेल के मैदान में बिना किसी बच्चे के बैठना स्थानीय नियमों के खिलाफ है. कुछ देर बाद नगर प्रशासन के तीन अधिकारी वहां पहुंचे. उन्होंने महिला से पूछा कि झूले पर खेल रहे दो लड़के क्या उसके बच्चे हैं? जब हाना ने बताया कि वे उसके बच्चे नहीं हैं, तो अधिकारियों ने उसे 25 यूरो यानी करीब 2,540 रुपये का जुर्माना थमा दिया. यह देखकर महिला हैरान रह गई. उसका कहना था कि अधिकारी पहले उससे यह पूछ सकते थे कि वह ठीक है या नहीं और उसे किसी तरह की मदद की जरूरत तो नहीं है.
स्थानीय लोगों ने भी जताई नाराजगी
इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद कई स्थानीय लोगों ने अधिकारियों की कार्रवाई पर सवाल उठाए. एक व्यक्ति ने कहा कि अगर कोई महिला कुछ देर आराम करने के लिए बेंच पर बैठती है, तो उसे दंडित करना समझ से परे है. वहीं, एक महिला ने बताया कि वह पिछले 64 साल से इस इलाके में रह रही है और अक्सर वहां बेंच पर बैठती रही है, लेकिन पहले कभी ऐसी जांच नहीं हुई. एक अन्य स्थानीय निवासी ने भी इस कार्रवाई को बेहद गलत बताया.
हालांकि, शहर की नगर परिषद ने अधिकारियों की कार्रवाई का बचाव किया है. काउंसिल सदस्य साइमन नोवाक के मुताबिक, बच्चों के खेल के मैदान मुख्य रूप से 14 साल और उससे कम उम्र के बच्चों के लिए हैं. वयस्कों को वहां रहने की अनुमति तभी है, जब वे बच्चों के साथ आए हों. प्रशासन का कहना है कि इन नियमों का उद्देश्य खेल के मैदानों के अनधिकृत इस्तेमाल को रोकना और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. इसी बीच नगर परिषद में जुर्माने की राशि बढ़ाने का प्रस्ताव भी चर्चा में है. इसके तहत मौजूदा 55 यूरो के जुर्माने को बढ़ाकर 60 यूरो करने की बात कही गई है.

Kirtika Tyagi is a dedicated journalist and multimedia producer with good experience in writing and creating digital content, especially videos. She understands what the audience likes and knows how to present …
और पढ़ें
