रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
करनाल

Karnal News:वन विभाग भर्ती की दौड़ में चिप से छेड़छाड़, एक गिरफ्तार – Tampering With Chips During Forest Department Recruitment Race; One Arrested

November 28, 2026


करनाल। वन विभाग भर्ती की 25 किलोमीटर दौड़ परीक्षा में आरएफआईडी चिप के साथ छेड़छाड़ कर परिणाम प्रभावित करने की कोशिश की गई। दादुपुर रिंग रोड पर आयोजित शारीरिक मानक परीक्षा (पीएसटी) के दौरान दो अभ्यर्थियों पर मिलीभगत कर चिप बदलने का आरोप है।

सोनीपत निवासी अभ्यर्थी नीरज ने दौड़ के बीच में अपने पैरों से दोनों चिप निकालकर दूसरे अभ्यर्थी देवेंद्र को सौंप दीं। इसके बाद वह खुद मेडिकल टीम की एंबुलेंस से अंतिम पड़ाव तक पहुंच गया। तकनीकी रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की जांच में यह गड़बड़ी सामने आने के बाद आयोजन एजेंसी के अधिकारियों की शिकायत पर तरावड़ी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।

शुक्रवार को नीरज को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दूसरा आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

पुलिस को दी शिकायत में आयोजन एजेंसी के पीएसटी वेन्यू इंचार्ज सोमबीर और नोडल अधिकारी भूपेंद्र ने बताया कि नीरज ने 26 नवंबर की सुबह 7 बजकर 41 मिनट 14 सेकंड पर निर्धारित पॉइंट से दौड़ शुरू की थी। उस समय उसके दोनों पैरों में चिप लगी हुई थीं।

आरोप है कि दौड़ के दौरान उसने दोनों केबल टाई लॉक तोड़कर चिप निकाल लीं और देवेंद्र को सौंप दीं। इसके बाद वह एंबुलेंस से अंतिम पड़ाव पहुंचा। अधिकारियों ने जब उससे चिप के बारे में पूछा तो उसने रास्ते में चिप निकल जाने की बात कही। बाद में तकनीकी रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की जांच में अलग घटनाक्रम सामने आया।

तरावड़ी थाना प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि नीरज को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस आरएफआईडी रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और परीक्षा से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

देवेंद्र के साथ नीरज की चिप भी सॉफ्टवेयर में हुई रीड

जांच में सामने आया कि देवेंद्र पहले से अपनी दो चिप पहनकर दौड़ में शामिल हुआ था। आरोप है कि नीरज से दो चिप मिलने के बाद वह कुल चार चिप लेकर फिनिश पॉइंट पर पहुंचा। आरएफआईडी सिस्टम के रिकॉर्ड में नीरज को आवंटित दोनों चिप की फिनिश रीडिंग उसी समय दर्ज हुई, जब देवेंद्र ने फिनिश पॉइंट पार किया। अधिकारियों ने तकनीकी रिकॉर्ड का सीसीटीवी फुटेज से मिलान किया। इसके आधार पर दोनों अभ्यर्थियों के बीच मिलीभगत कर परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित करने की आशंका जताई गई।

दोनों पैरों में बांधी गई थीं चिप, तोड़े लॉक

वन विभाग भर्ती की इस परीक्षा में समय और परिणाम दर्ज करने के लिए आरएफआईडी आधारित तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रत्येक अभ्यर्थी को दो चिप दी जाती हैं। परीक्षा शुरू होने से पहले इन्हें दोनों पैरों के टखनों पर विशेष केबल टाई लॉक से बांधा जाता है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि अभ्यर्थी दौड़ के दौरान चिप निकालकर किसी दूसरे को न दे सके। इसी तकनीक से अभ्यर्थी की पहचान, दौड़ का समय और फिनिश पॉइंट पर पहुंचने का रिकॉर्ड दर्ज होता है।

परीक्षा पूरी होने के बाद प्रत्येक अभ्यर्थी को स्वयं निर्धारित काउंटर पर पहुंचकर अपनी दोनों चिप जमा करानी होती हैं। इसे डी-रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया कहा जाता है। काउंटर पर अधिकारी अभ्यर्थी की पहचान का सत्यापन करते हैं और आवंटित चिप वापस लेते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X