Udhampur News:उत्तरी रेलवे मजदूर यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर निकाला जुलूस – Northern Railway Men’s Union Took Out A Procession Regarding Their Demands
नई पेंशन योजना और यूनिफाइड पेंशन स्कीम रद करने की प्रमुख मांगें उठाईं
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन (यूआरएमयू) जम्मू डिवीजन के दिशा-निर्देशानुसार जम्मू ब्रांच कटड़ा यूथ विंग ने वीरवार शाम कटड़ा रेलवे कॉलोनी में मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान रेलवे कर्मचारियों ने रोष प्रदर्शन किया। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने, नई पेंशन योजना (एनपीएस) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (यूपीएस) रद करने की प्रमुख मांगें उठाईं।
यह कार्यक्रम जम्मू डिवीजन के डिवीजनल सचिव मंजूर, डिवीजनल अध्यक्ष करीम, वर्किंग प्रेसिडेंट पुरुषोत्तम और डिवीजनल मीडिया एवं पब्लिसिटी सेक्रेटरी निलेश कुमार के दिशा-निर्देशानुसार हुआ। इसमें यूआरएमयू जम्मू डिवीजन के पदाधिकारियों के साथ जम्मू ब्रांच के उपाध्यक्ष सुनील गोंड, सुखदेव, सहायक सचिव एवं स्टेशन सुपरिंटेंडेंट जुगल किशोर शर्मा, यूथ डिवीजन मीडिया प्रभारी मनोज सैनी सहित कटड़ा यूथ विंग के सदस्य रवि, उमाशंकर यादव सहित अन्य कर्मचारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से ओपीएस को दोबारा लागू करने और एनपीएस व यूपीएस को समाप्त करने की अपील की। उन्होंने न्यूनतम पेंशन को न्यूनतम वेतन के बराबर करने की भी मांग की।
कर्मचारियों ने 20 वर्ष की सेवा के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) लेने वालों को अंतिम वेतन का 50 फीसदी स्थायी पेंशन देने पर जोर दिया। उन्होंने एक जनवरी 2004 से वेतन से काटी जा रही 10 फीसदी राशि ब्याज सहित वापस करने की मांग की। रेलवे क्वार्टरों के किराये में वार्षिक वृद्धि व्यवस्था में सुधार करने की बात भी कही गई। प्रदर्शनकारियों ने सभी रिक्त पदों को जल्द भरने और बेरोजगारी भत्ता आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग उठाई। उन्होंने महंगाई भत्ते की रोकी गई तीन किस्तों का भुगतान करने पर भी जोर दिया। रेलवे में ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने और लंबित पदोन्नतियां पूरी करने की अपील की गई।
