रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर

Rampur News:गोल्ड लोन कंपनी के ब्रांच मैनेजर ने की खुदकुशी, फंदे पर लटका मिला शव – Gold Loan Company Branch Manager Dies By Suicide; Body Found Hanging

November 28, 2026


मुरादाबाद। एक गोल्ड लोन कंपनी के ब्रांच मैनेजर भारत पाल सक्सेना (26) ने खुदकुशी कर ली। उनका शव बुद्धि विहार सेक्टर दो में स्थित किराये के मकान में फंदे पर चादर के सहारे लटका मिला। कंपनी के लोगों ने बताया कि शुक्रवार को ब्रांच का ऑडिट चल रहा था। इसी बीच भारत पाल दवाई लेने की बात कहकर ऑफिस से निकले थे। जब काफी देर तक नहीं लौटे तो एक कर्मचारी आवास पर भेजा गया। वहां देखा तो उनका शव फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस ने ब्रांच के कर्मचारियों से पूछताछ के बाद दावा किया है कि मैनेजर का अपनी पत्नी से भी विवाद चल रहा था।

एसपी सिटी अभिषेक तिवारी ने बताया कि भारत पाल सक्सेना बदायूं जिले के दातागंज थानाक्षेत्र के गांव नोनी निक्कना निवासी थे। वह नॉन बैंकिंग फाइनेंस कंपनी मणप्पुरम गोल्ड लोन की बुद्धि विहार ब्रांच में करीब डेढ़ साल से मैनेजर के पद पर तैनात थे। कंपनी ने कर्मचारियों के लिए बुद्धि विहार सेक्टर दो में चंद्र मोहन शर्मा का मकान किराए पर ले रखा है। इस मकान में भारत पाल सक्सेना दो कर्मचारी अमित और आदित्य के साथ रहते थे। अमित और आदित्य दूसरी ब्रांचों में तैनात हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को दिल्ली और नोएडा से ऑडिट टीम ब्रांच में ऑडिट करने आई थी। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे भारत पाल दवा लेने ब्रांच से निकले थे। दोपहर करीब ढाई बजे ऑडिटर ने कर्मचारियों से मैनेजर के बारे में पूछताछ की। उन्होंने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनका नंबर रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद ब्रांच कैशियर मन्नू अरोड़ा बुद्धि विहार स्थित कमरे पर पहुंच गया। मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। उसने हाथ डालकर किसी तरह मेन गेट खोल लिया। अंदर जाकर देखा तो कमरे में भारत पाल का शव चादर के सहारे फंदे से लटका हुआ था। इसकी सूचना मिलने पर ब्रांच के अन्य कर्मचारी भी आ गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मझोला के सम्राट अशोक नगर निवासी ब्रांच कैशियर मन्नू अरोड़ा और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि साथी कर्मचारियों ने बताया है कि भारत पाल का पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी ने बदायूं में उनके खिलाफ थाने में तहरीर भी दे रखी है। इसी बात को लेकर वह परेशान चल रहे थे हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।

24 नवंबर को थी शादी की सालगिरह

मुरादाबाद। मैनेजर भारत पाल सक्सेना की शादी 24 नवंबर 2025 को वर्षा के साथ हुई थी। तीन दिन पहले शादी की सालगिरह थी लेकिन भारत पाल अपने घर नहीं गए थे और उन्होंने उस दिन भी ड्यूटी की थी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X