जहांगीराबाद। जनपद गाजियाबाद के डासना में शुक्रवार सुबह एनएच-9 के पास धान से भरे ट्रक के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से चालक क्षेत्र के गांव गहना गोवर्धनपुर निवासी अजब सिंह (54) की मौत हो गई।
मोहर सिंह ने बताया कि उनके पुत्र अजब सिंह ट्रक चालक थे। शुक्रवार की सुबह उनका धान से भरा ट्रक डासना में एनएच-9 पर अनियंत्रित होने के कारण खाई में गिर गया, जिससे उनका पुत्र और हेल्पर ट्रक के केबिन में फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने दोनों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने अजब सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हेल्पर सतीश राधा नगर बाईपास बुलंदशहर को गंभीर चोट नहीं आई है। अजब सिंह की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में दो बेटे हैं।