Bijnor News:सर्च टीम ने खंगाली गंगा, विवाहिता डॉली का नहीं मिला सुराग – Search Team Combed The Ganga; No Trace Of Married Woman Dolly Found
– नांगल गंगा घाट पर संबंधी युवकों के साथ डूबी थी डॉली
संवाद न्यूज एजेंसी
नांगल सोती/नजीबाबाद। गंगा स्नान पर अपने चचेरे भाइयों के साथ गंगा में डूबी डॉली उर्फ गुड़िया का चौथा दिन भी सुराग नहीं मिला। जिला प्रशासन ने गंगा का जलस्तर कम करने के लिए पूर्वी गंग नहर विभाग से संपर्क किया। आश्वासन मिला लेकिन शुक्रवार को गंगा का जलस्तर कम नहीं हुआ।
भाजपा नेत्री पूजा सैनी के मोहल्ला रम्पुरा निवासी संबंधी गंगा स्नान को गए थे। 22 वर्षीय डॉली उर्फ गुड़िया पत्नी अरविंद कुमार, चचेरे भाई सूरज उर्फ छोटू पुत्र राजकुमार सैनी ,हर्षित पुत्र प्रदीप कुमार और 12 वर्षीय दिव्यानी गंगा में डूब गए थे। दिव्यानी को तत्काल बचा लिया गया था।
घटना के दूसरे और तीसरे दिन गंगा में डूबे सूरज और हर्षित के शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर के भीतर सर्च टीम को मिले थे।
डॉली उर्फ गुड़िया की तलाश को एनडीआरएफ, पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने शुक्रवार को नांगल सोती गंगा घाट के घटना स्थल से बालावाली तक लगभग 10 किलोमीटर का क्षेत्र खंगाला।
अपर पुलिस अधीक्षक सिटी डॉ. केजी सिंह, एसडीएम प्रशांत वर्मा, सीओ सुनील कुमार सिंह, थाना अध्यक्ष राम प्रताप सिंह के नेतृत्व में सर्च टीमों ने दिनभर गंगा में तलाशी अभियान चलाया। लेकिन विवाहित डॉली का कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
परिजन उसके सकुशल मिलने की आस लगभग खो चुके हैं फिर जीवित बचने भी उम्मीद की किरण के साथ घटना वाले दिन से ही गंगा घाट पर सर्द रातें गुजर रहे हैं। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि लापता महिला डॉली की तलाश में अभियान जारी रहेगा।

नांगल सोती के गंगा घाट पर डॉली के मिलने की आस में बैठे परिजन।संवाद– फोटो : credit
