रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Banda News:धीमी तौल से खुले आसमान के नीचे धान की रखवाली कर रहे किसान – Farmers Guarding Their Paddy Under The Open Sky Due To Slow Procurement Weighing Processes
बांदा

Banda News:धीमी तौल से खुले आसमान के नीचे धान की रखवाली कर रहे किसान – Farmers Guarding Their Paddy Under The Open Sky Due To Slow Procurement Weighing Processes

November 28, 2026


तिंदवारी/अतर्रा। सरकारी धान खरीद शुरू होने के बावजूद केंद्रों पर धीमी तौल किसानों की परेशानी बढ़ा रही है। अतर्रा मंडी में कई किसान खुले आसमान के नीचे उपज रखकर तौल का इंतजार कर रहे हैं।

वहीं मवेशियों से धान की बोरियों को बचाने के लिए उन्हें चारों ओर कंटीली झाड़ियां लगानी पड़ रही हैं। कुछ किसानों ने उपज को पन्नी से ढक रखा है। तिंदवारी के सहकारी संघ केंद्र पर शुक्रवार को खरीद शुरू हुई। पहले दिन एक किसान से 60 क्विंटल धान खरीदा गया।

तिंदवारी के सहकारी संघ केंद्र पर मुंगुस गांव निवासी किसान पृथ्वी पाल से 60 क्विंटल धान की खरीद हुई। केंद्र प्रभारी विनोद राय ने बताया कि बिक्री के लिए किसानों को टोकन वितरित किए गए हैं। केंद्र पर 750 बोरियां उपलब्ध हैं और खरीद की सभी व्यवस्थाएं पूरी हैं।

विपणन शाखा केंद्र पर अब तक 1713 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। शुक्रवार को भिंडौरा निवासी किसान अमित सिंह की उपज की तौल की जा रही थी। उत्तरी सहकारी समिति के केंद्र प्रभारी सुनील सिंह पटेल ने बताया कि अब तक आठ किसानों से 563 क्विंटल धान खरीदा गया है।

अतर्रा कस्बे के बदौसा मार्ग स्थित मंडी के तीन सरकारी केंद्रों पर धीमी तौल से किसान परेशान हैं। बजरंगपुर निवासी राजेश सिंह ने बताया कि वह तीन दिन से विपणन शाखा केंद्र के बाहर धान रखकर तौल का इंतजार कर रहे हैं।

तेराब निवासी किसान कटरिया 25 नवंबर से मंडी में उपज की रखवाली कर रहे हैं। उन्हें 11 दिसंबर का टोकन मिला है। ऐसे में तौल के लिए उन्हें करीब 15 दिन इंतजार करना पड़ेगा। खुले में रखी उपज को मवेशियों से बचाने के लिए किसानों ने बोरियों के चारों ओर कंटीली झाड़ियां लगा रखी हैं।

मंडी के तीनों केंद्रों पर शुक्रवार सुबह तक 43 किसानों से कुल 2094 क्विंटल धान खरीदा गया था। इनमें बी-पैक्स अतर्रा केंद्र पर 20 किसानों से 1099 क्विंटल, विपणन शाखा केंद्र एक पर आठ किसानों से 397 क्विंटल और केंद्र दो पर 15 किसानों से 598 क्विंटल धान की खरीद हुई।

केंद्रों का निरीक्षण कर दिए निर्देश

शुक्रवार को नोडल अधिकारी सुनील कुमार वर्मा और संभागीय खाद्य नियंत्रक दुर्गेश प्रसाद ने तिंदवारी के खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सत्यापन के बाद टोकन के आधार पर खरीद करने और किसानों को शासन से निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अतर्रा के किसान सीताराम, अजय दीक्षित, नरेश कुमार और बबलू अवस्थी ने उपज सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल की व्यवस्था कराने, तौल में तेजी लाने और खरीदे गए धान का समय से भुगतान करने की मांग की।

फोटो- 12-अतर्रा में धान की बोरियों पर इस तरह से कंटीली झाड़ियां रखने को मजबूर हैं किसान। संवाद

फोटो- 12-अतर्रा में धान की बोरियों पर इस तरह से कंटीली झाड़ियां रखने को मजबूर हैं किसान। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X