Deoria News:बिना लाइसेंस के बेच रहा था खाद-बीज, विक्रेता प्राथमिकी दर्ज – Fir Registered Against Seller For Selling Fertilizers And Seeds Without A License
देवरिया। शहर से सटे पिपरपांती नहर के पास एक दुकान पर बिना उर्वरक एवं बीज बिक्री का लाइसेंस लिए ही एक व्यक्ति अवैध रूप से दुकान संचालित कर रहा था। जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह ने छापा मारकर यहां अवैध बिक्री व भंडारण का मामला पकड़ा। इस मामले में दुकान मालिक मुस्ताक अली निवासी खरजरवा थाना कोतवाली देवरिया के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
दुकानदार ने दुकान व गोदाम किराए पर ले रखा था। अनधिकृत रूप से उर्वरक एवं बीज का कारोबार किए जाने के संदेह में उर्वरक के 08 तथा बीज के 02 नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं।
जिला कृषि अधिकारी की तरफ से जारी विज्ञप्ति के अनुसार निरीक्षण के दौरान दुकान में इफको ब्रांड एनपीकेएस 20:20:0:13 की 02 बोरी, आईपीएल एमओपी की 01 बोरी, इफको डीएपी की 54 बोरी, एचयूआरएल ब्रांड यूरिया की 15 बोरी, फसल बलवान माइक्रोन्यूट्रिएंट की 25 किग्रा, सुपर मल्टी प्लस माइक्रोन्यूट्रिएंट की 25 किग्रा, गेहूं बीज डीबीडब्ल्यू-187 की 03 बोरी, गेहूं बीज एचडी-2967 की 03 बोरी तथा शक्तिमान सल्फर 90 प्रतिशत की 18 किग्रा सामग्री बरामद हुई।
इस प्रकरण में मुस्ताक अली पुत्र मुसाफिर के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जिला कृषि अधिकारी उदयशंकर सिंह ने बताया कि किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर उर्वरक बिक्री करने, टैगिंग, कालाबाजारी अथवा बिना प्राधिकार के उर्वरक व्यवसाय करते पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
