रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:गांवों में पानी शुद्धता परख रहीं 4079 जलसखियां – 4,079 ‘jalsakhis’ (water Companions) Are Testing Water Purity In Villages

November 28, 2026


अमरोहा। गांवों में पेयजल की शुद्धता जांचने की जिम्मेदारी अब महिलाओं के कंधों पर है। जल जीवन मिशन के तहत प्रशिक्षित जलसखियां फील्ड टेस्टिंग किट से गांव में ही पानी की गुणवत्ता जांच रही हैं। इससे ग्रामीणों को पेयजल की शुद्धता की जानकारी मिलने के साथ महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर भी मिला है। जिले के 945 गांवों में 4079 महिलाएं इस काम से जुड़ी हैं।

जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पेयजल पहुंचाने के साथ उसकी गुणवत्ता की निगरानी पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके लिए गांवों की महिलाओं को पानी की जांच करने का प्रशिक्षण दिया गया है। जलसखियां फील्ड टेस्टिंग किट के जरिए पानी के नमूने लेकर उनकी जांच करती हैं। इससे पानी में मौजूद संभावित अशुद्धियों का पता लगाने में मदद मिलती है। जांच में पीएच स्तर, आयरन, पानी की कठोरता, क्लोराइड और फ्लोराइड जैसे तत्वों की स्थिति देखी जाती है। वहीं क्लोरीन की मौजूदगी की भी जांच की जाती है।

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से नवंबर तक जिले में 4079 जलसखियों ने फील्ड टेस्टिंग किट के माध्यम से 24726 पानी के नमूनों की जांच की। विभाग का दावा है कि जांच में सभी नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की गुणवत्ता की निगरानी को मजबूती मिली है। पहले पानी की जांच के लिए ग्रामीणों को दूसरी जगहों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही प्रशिक्षित महिलाएं यह काम कर रही हैं।

———————————

चार गांवों में हुई पानी की जांच

विकासखंड अमरोहा के यहीयापुर और गजस्थल गांव में जलसखियों ने पानी के नमूनों की जांच की। इसमें पीएच, आयरन, कठोरता, क्लोराइड और फ्लोराइड के मानक सही मिले। इसी तरह विकासखंड जोया के इकोंडा और जलालपुर उमर गांव में क्लोरीन, पीएच और पानी की कठोरता की जांच की गई। इनकी स्थिति भी निर्धारित मानकों के अनुरूप मिली।

————————————–

पांच महिलाओं पर एक किट

योजना के तहत पांच जलसखियों के समूह को एक फील्ड टेस्टिंग किट उपलब्ध कराई जाती है। इसके साथ ही महिलाओं को काम के लिए अनुदान भी दिया जाता है। जलसखियां केवल पानी की जांच तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण परिवारों को पेयजल की बर्बादी रोकने और पानी को स्वच्छ रखने के प्रति भी जागरूक कर रही हैं। इससे गांवों में पेयजल संरक्षण और गुणवत्ता को लेकर जागरूकता बढ़ रही है।

————————————–

ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के साथ उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जलसखियों को प्रशिक्षण देकर गांवों में ही पानी की नियमित जांच की व्यवस्था की गई है। अप्रैल से नवंबर तक किट के माध्यम से 24726 नमूनों की जांच कराई गई है। सभी नमूनों के परिणाम सही मिले हैं।

-मुजीब अहमद,अभियंता, जन निगम ग्रामीण

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X