Bareilly News:अब 26 तरह की सुविधाएं ग्रामीणों के द्वार, जिले में 48 सीएससी में से 37 बनकर तैयार – Now, 26 Types Of Services Are Available At The Doorsteps Of Villagers; 37 Out Of 48 Cscs In The District Are Now Ready
बरेली। जिले की ग्राम पंचायतों में 48 सामुदायिक सुविधा केंद्र (सीएससी) बनाए जा रहे हैं। इनमें से 37 केंद्र बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि आठ निर्माणाधीन हैं। इन केंद्रों पर ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे 26 तरह की सरकारी और डिजिटल सुविधाएं मिलेंगी।
इन केंद्रों का उद्देश्य गांव के लोगों को छोटे-छोटे सरकारी कामों के लिए ब्लॉक या जिला मुख्यालय के चक्कर काटने से बचाना है। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के तहत इनका निर्माण कराया जा रहा है। शासन ने जिला पंचायती राज विभाग को 48 केंद्रों के लिए कुल दो करोड़ 40 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है। प्रत्येक केंद्र के निर्माण पर पांच लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, अब तक 1.83 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च हो चुकी है। जिले के 11 विकासखंडों में इन सामुदायिक सुविधा केंद्रों का निर्माण हो रहा है।
ग्रामीणों को मिलेंगी ये प्रमुख सुविधाएं
सामुदायिक सुविधा केंद्रों का लक्ष्य ग्रामीणों को डिजिटल और सरकारी सेवाएं गांव में ही उपलब्ध कराना है। इन केंद्रों पर आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र के ऑनलाइन आवेदन की सुविधा मिलेगी। सरकारी योजनाओं के पंजीकरण, पेंशन और राशन कार्ड संबंधी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी यहां से प्राप्त की जा सकेगी। बिजली-पानी के बिल जमा करने, ऑनलाइन आवेदन, बैंकिंग और डिजिटल भुगतान जैसी सेवाएं भी यहां से प्राप्त की जा सकेंगी।
जिले की विभिन्न ग्राम पंचायत सचिवालयों में अब तक 37 सीएससी का निर्माण पूर्ण हो चुका है। प्रस्तावित अन्य निर्माणाधीन हैं। केंद्र शुरू होने से लोगों का समय और किराया दोनों बचेंगे। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूरदराज के गांवों में रहने वाले लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। – कमल किशोर, डीपीआरओ
