झारखंड:परीक्षा में देरी से भड़के बीएससी नर्सिंग के छात्र, किया प्रदर्शन; बोले- कब तक मिलेगा सिर्फ आश्वासन? – B.sc Nursing Students Staged A Blockade At Ranchi University, Protesting Against The Delay In Exams
झारखंड की राजधानी रांची में परीक्षा और शैक्षणिक सत्र में हो रही देरी को लेकर बीएससी नर्सिंग के छात्र-छात्राओं का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने रांची विश्वविद्यालय पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तालाबंदी कर दी। एनएसटीआई के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में विद्यार्थियों ने लंबित परीक्षाओं की तिथियां जारी करने, परिणाम घोषित करने और रजिस्ट्रेशन में हो रही देरी दूर करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि शैक्षणिक सत्र पहले से ही काफी पीछे चल रहा है। इसके बावजूद विश्वविद्यालय समय पर परीक्षाएं आयोजित नहीं कर रहा है। परीक्षाओं में देरी के कारण परिणाम भी प्रभावित हो रहे हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और भविष्य दोनों पर असर पड़ रहा है।
प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा तक नहीं हुई, छात्रों में नाराजगी
विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। छात्रा अंकिता भारती, रोहिणी कुमारी और छात्र मोहन महतो समेत अन्य विद्यार्थियों ने कहा कि जब भी वे अपनी मांगों को लेकर विश्वविद्यालय पहुंचते हैं, उन्हें सिर्फ आश्वासन देकर वापस भेज दिया जाता है।
छात्रों के मुताबिक, इससे पहले भी परीक्षा संबंधी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। स्थिति यह है कि प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा तक आयोजित नहीं की गई है। ऐसे में विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और शैक्षणिक भविष्य को लेकर चिंता सता रही है।
परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से सभी लंबित परीक्षाओं की तिथियां जल्द जारी करने, परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित करने और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को स्पष्ट परीक्षा कैलेंडर जारी करना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई और आगामी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सके।
विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
