Faridabad News:तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर, मैनेजर की मौत – Speeding Car Hits Motorcycle; Manager Killed
50 मीटर तक घसीटता ले गया कार चालक, भाई हुआ घायल, अन्य मामले में महिला की गई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला और एक युवक की मौत हो गई। सीकरी में ड्यूटी पर जा रही महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जबकि सेक्टर-88 में तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे बिल्डर कंपनी के परचेज मैनेजर की जान चली गई और उनका भाई घायल हो गया। दोनों हादसों ने दो परिवारों को गहरा सदमा दिया है।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-88 में अमोलिक चौक के पास 22 नवंबर को तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवार 31 वर्षीय अजय की चार दिन बाद अस्पताल में मौत हो गई, जबकि उनके भाई संजय को भी चोटें आई थीं। अजय नवादा गांव की लीलावती कॉलोनी के रहने वाले थे और एक बिल्डर कंपनी में परचेज मैनेजर थे। नवादा तिगांव निवासी संजय नागर ने पुलिस को बताया कि 22 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे वह अपने भाई अजय के साथ सेक्टर-86 स्थित जिम से घर लौट रहे थे। मोटरसाइकिल वह चला रहे थे और अजय पीछे बैठे थे। दोनों ने हेलमेट पहने हुए थे। अमोलिक चौक के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अजय उछलकर कार की विंड स्क्रीन पर जा गिरे, जबकि संजय सड़क पर दूर जा गिरे थे। आरोप है कि कार चालक ने वाहन रोकने के बजाय अजय को करीब 50 मीटर तक घसीटा था। इस दौरान दूसरी कार में सवार लोगों ने आगे अपना वाहन लगाकर कार रुकवाई, लेकिन चालक मौके से भाग गया। दूसरी कार के सवार दोनों भाइयों को निजी अस्पताल ले गए। अजय बेहोश थे और उनकी हालत गंभीर थी। 24 नवंबर को उनके जबड़े और सिर की सर्जरी हुई। इसके बाद से वह आईसीयू में भर्ती थे। 26 नवंबर की रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत
सीकरी में मथुरा रोड पर बाबा होटल के पास 26 नवंबर को अज्ञात वाहन की टक्कर से सविता सिन्हा (38) की मौत हो गई। वह अपने पति विकास कुमार के साथ पलवल के बघौला स्थित अलग-अलग कंपनियों में नौकरी करती थीं। विकास के अनुसार, वह रोजाना सुबह पहले ड्यूटी के लिए निकल जाते थे। सविता करीब एक घंटे बाद ऑटो से कंपनी जाती थीं। 26 नवंबर को भी विकास सुबह करीब 7:30 बजे घर से निकल गए थे। इसके बाद सविता ड्यूटी के लिए निकलीं तो सीकरी में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। विकास को सुबह करीब 11 बजे कंपनी में हादसे की सूचना मिली। वह तुरंत बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सविता को मृत घोषित कर दिया। उनके सिर, माथे और मुंह पर गंभीर चोटें थीं।
–
दो परिवारों के छह बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
अजय तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बच्चे एक साथ पैदा हुए थे। वहीं, सीकरी हादसे में जान गंवाने वाली सविता सिन्हा अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई हैं। उनके पति विकास कुमार भी निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। दोनों हादसों में छह बच्चों ने अपने माता-पिता में से एक को खो दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दोनों सड़क हादसों में संबंधित थानों में वाहन चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। परिजनों ने शुक्रवार को दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया।
