रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अंबाला

Ambala News:दो अलग-अलग सड़क हादसों में महिला की मौत, दो घायल – Woman Killed, Two Injured In Two Separate Road Accidents

November 28, 2026


अंबाला। जिले के थाना पड़ाव और थाना साहा क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साहा थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि क्षेत्र में 26 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे वेदांत नगर निवासी नैब सिंह पत्नी पुष्पा देवी के साथ बाइक पर साहा चौक से घर की ओर मुड़ रहे थे। इसी दौरान शहजादपुर की ओर से आई हरियाणा रोडवेज की बस के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

हादसे में पुष्पा देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं और नैब सिंह भी जख्मी हो गए। प्रत्यक्षदर्शी व पड़ोसी संजीव कुमार और राहगीरों ने बस चालक की मदद से दोनों को कैंट के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पुष्पा देवी को मृत घोषित कर दिया। घायल नैब सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद महेशनगर के अनेजा अस्पताल में दाखिल कराया गया।

थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि संजीव कुमार की शिकायत पर बस चालक हरविंदर सिंह के खिलाफ मृत्यु कारित करने की धारा 106 व लापरवाही से वाहन चलाने की धारा 281 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

———————

मायके से लौटते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

वहीं, पड़ाव थाना प्रभारी प्रवीण आर्य के अनुसार, नन्हेड़ा गांव के मिलाप नगर निवासी अनिल कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी पूजा 23 नवंबर को शाहाबाद के कठवा गांव स्थित अपने मायके से नन्हेड़ा लौट रही थी। दोपहर करीब 11:30 बजे नन्हेड़ा के सामने एनएच-44 पार करते समय अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाही से टक्कर मार दी और मौके से भाग गया। हादसे में पूजा घायल हो गई। राहगीरों की मदद से घायल पूजा को मोहड़ी (कुरुक्षेत्र) स्थित आदेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की ओर से बयान देने के लिए अनफिट बताए जाने के बाद 26 नवंबर को अनिल कुमार के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की धारा 281 व चोट पहुंचाने की धारा 125(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X