Hamirpur (himachal) News:बकारटी में महिला की संदिग्ध हालात में मौत का मामला, हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार – Case Of Woman’s Death Under Suspicious Circumstances In Bakarti; Husband Arrested On Murder Charges
हमीरपुर। सदर थाना क्षेत्र के तहत बकारटी में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में महिला के साथ मारपीट की बात सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
अदालत ने आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, मृतका प्रेमलता (40) के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक दिनेश कुमार ने बुधवार रात पत्नी के साथ डंडे से मारपीट की थी।
वीरवार सुबह प्रेमलता घर में मृत मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और जांच शुरू की।
वीरवार को परिजनों ने पुलिस को बताया था कि महिला बुधवार शाम घर से बाहर गई थी। इस दौरान वह घर के बाहर गिरकर घायल हो गई थी। इसके बाद परिजन उसे घर ले आए और उपचार करवाया, लेकिन अगली सुबह वह मृत मिली।
पुलिस ने जांच के दौरान महिला के शरीर पर चोटों के निशान और अन्य तथ्यों को आधार बनाकर उसके पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एएसपी हमीरपुर राजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद महिला के पति को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
