रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Chamba News:राख के ढेर में दफन हो गए सपने, अब छत की तलाश – Dreams Buried In A Pile Of Ashes; Now, A Search For A Roof
चंबा

Chamba News:राख के ढेर में दफन हो गए सपने, अब छत की तलाश – Dreams Buried In A Pile Of Ashes; Now, A Search For A Roof

November 28, 2026


संघणी अग्निकांड ने छीनी वर्षों की कमाई, गहने, किताबें और घर का सामान, बेघर परिवार अपनों के सहारे

किसी ने भाई के घर तो किसी ने पड़ोसियों के यहां ली पनाह, बच्चों के भविष्य और नए आशियाने की चिंता

संवाद न्यूज एजेंसी

चंबा। कभी जिन घरों में परिवार की खुशियां बसती थीं, आज वहां सिर्फ राख और जले सामान के अवशेष हैं। संघणी अग्निकांड ने प्रभावित परिवारों से न केवल उनकी छत छीनी, बल्कि वर्षों की मेहनत से संजोई पूंजी और यादें भी राख कर दीं।

किसी के घर में रखे लाखों रुपये के गहने जल गए तो किसी के बच्चों की किताबें और जरूरत का सामान भी नहीं बचा। अब कोई भाई के घर में रात गुजार रहा है तो किसी को पड़ोसियों ने आसरा दिया है। अपनों के बीच रहकर भी प्रभावितों के मन में एक ही सवाल है कि फिर से अपना घर कब बनेगा और परिवार की जिंदगी कैसे आगे बढ़ेगी।

दिन में प्रभावित अपने जले मकानों और दुकानों के मलबे के बीच पहुंचते हैं। राख में बची चीजों को तलाशते हुए उन्हें अपनी पुरानी जिंदगी याद आती है। चार मंजिला मकान गंवाने वाले परिवारों के सामने दोबारा आशियाना बनाने के साथ बच्चों की पढ़ाई और पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी खड़ी है। रात होते ही बेघर होने का एहसास और गहरा हो जाता है।

—

25 लाख के गहने, किताबें सब राख

चार मंजिला मकान बनाने में जिंदगीभर की कमाई लगी थी। आग में करीब 25 लाख रुपये के गहने, बच्चों की किताबें और घर का सारा सामान जल गया। अब समझ नहीं आ रहा कि दोबारा जिंदगी कहां से शुरू करें। बच्चों की पढ़ाई की चिंता भी सता रही है। – लेख राज, प्रभावित

—

मकान के साथ गाड़ी भी खोई

आग में मकान और गाड़ी दोनों जल गए। जिंदगीभर की मेहनत से जो कुछ बनाया था, वह सब खत्म हो गया। फिलहाल भाई के घर में रात गुजार रहे हैं। जान बच गई, लेकिन परिवार को संभालने और फिर से मकान बनाने की चिंता है। – कंबोज कुमार, प्रभावित

—

पहने कपड़ों के सिवा कुछ नहीं बचा

आंखों के सामने घर को जलते देखकर कुछ समझ नहीं आया। जो कपड़े पहने थे, उनके अलावा सब कुछ आग में नष्ट हो गया। अब पड़ोसियों के घर में रातें काट रही हैं। नींद नहीं आती, हर वक्त यही चिंता रहती है कि अपना घर कब बनेगा और बच्चों को लेकर कहां जाएंगे। – ममता देवी, प्रभावित

—

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X