रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
व्यापारी से 8.15 लाख की लूट का चौंकाने वाला खुलासा:ड्राइवर निकला मास्टरमाइंड; दो दोस्तों के साथ रची साजिश – Ratlam Robbery Case Driver Mastermind 8 Lakh Businessman Loot Salakhhedi
रतलाम

व्यापारी से 8.15 लाख की लूट का चौंकाने वाला खुलासा:ड्राइवर निकला मास्टरमाइंड; दो दोस्तों के साथ रची साजिश – Ratlam Robbery Case Driver Mastermind 8 Lakh Businessman Loot Salakhhedi

November 28, 2026


मध्यप्रदेश के रतलाम में महू-नीमच हाईवे पर व्यापारी से हुई 8 लाख 15 हजार रुपये से अधिक की लूट के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस ड्राइवर पर व्यापारी ने भरोसा कर उसे अपने साथ रखा था, वही लूट की वारदात का मास्टरमाइंड निकला। उसने इंदौर में रहने वाले अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर लूट की पूरी साजिश रची थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से 6 लाख 21 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल बाइक और अन्य सामान बरामद किया गया है।

एसपी अमित कुमार ने शुक्रवार दोपहर पत्रकारवार्ता में बताया कि आरोपियों ने व्यापारी की आवाजाही और रुपये के कलेक्शन की जानकारी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने हाईवे के दोनों तरफ करीब 150 से 200 किलोमीटर के दायरे में 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद ड्राइवर पर संदेह गहराया और पूछताछ में पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।

ड्राइवर ने ही दोस्तों को दी थी व्यापारी के पास मोटी रकम होने की जानकारी

पुलिस के मुताबिक, इंदौर निवासी व्यापारी हर्षित चंदाना कन्फेक्शनरी उत्पादों यानी गोली, बिस्किट और चॉकलेट का कारोबार करते हैं। वह दुकानदारों से रुपये का कलेक्शन करने के लिए मध्यप्रदेश के अलग-अलग शहरों में जाते थे। उनके साथ कार में ड्राइवर गजानंद भिड़े उर्फ गोलू भी रहता था।

गजानंद को पता था कि व्यापारी रतलाम, जावरा, मंदसौर, नीमच, कुक्षी, मनावर और आलीराजपुर जैसे शहरों में कलेक्शन के लिए आते-जाते हैं। उसके पास अक्सर बड़ी रकम रहती है। इसी जानकारी के आधार पर उसने अपने दोस्तों चेतन मंडलोई और राजकुमार रायकवार के साथ मिलकर व्यापारी को लूटने की योजना बनाई।

पुलिस को शुरुआत से ही ड्राइवर की भूमिका संदिग्ध लग रही थी। पूछताछ के दौरान वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने इंदौर पहुंचकर उसकी गतिविधियों और दोस्तों के बारे में जानकारी जुटाई। पता चला कि वह अक्सर चेतन और राजकुमार के साथ उठता-बैठता था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने लूट की साजिश का खुलासा कर दिया। इसके बाद ड्राइवर गजानंद को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पहले जावरा में लूट की थी योजना, होटल बदलने से बिगड़ गया प्लान

एसपी अमित कुमार के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने सबसे पहले व्यापारी को जावरा में लूटने की योजना बनाई थी। उन्हें जानकारी थी कि व्यापारी जावरा में एक खास होटल में रुकते हैं, लेकिन उस दिन व्यापारी दूसरी होटल में ठहर गए। ऐसे में आरोपी अपनी योजना को अंजाम नहीं दे पाए।

चेतन और राजकुमार इंदौर से बाइक पर जावरा पहुंचे थे। व्यापारी जब जावरा से कार में सवार होकर इंदौर के लिए निकले तो दोनों बाइक से उनका पीछा करने लगे। इस दौरान ड्राइवर गजानंद लगातार अपने साथियों के संपर्क में था। उसने उन्हें रतलाम के पास सालाखेड़ी क्षेत्र में रुकने की जानकारी दी।

लघुशंका के लिए रुके व्यापारी, तभी पत्थर से तोड़ा कार का कांच

18 नवंबर की रात करीब 11:15 बजे व्यापारी हर्षित चंदाना और उनका ड्राइवर गजानंद महू-नीमच हाईवे पर रतलाम के आगे सालाखेड़ी के पास लघुशंका के लिए रुके। दोनों कार से उतरकर कुछ दूरी पर चले गए। इसी दौरान बाइक सवार चेतन और राजकुमार वहां पहुंचे और कार में रखा रुपयों से भरा बैग लेकर भागने लगे।

व्यापारी की नजर बदमाशों पर पड़ी तो उन्होंने बैग छीनकर वापस कार में रख लिया। लेकिन आरोपी दोबारा कार के पास पहुंचे और पत्थर से शीशा तोड़कर बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में 8 लाख 15 हजार 510 रुपये के अलावा एक डायरी और कलेक्शन से जुड़े दस्तावेज भी रखे थे।

तीनों ने बांट ली थी रकम, घरों से बरामद हुए रुपये

वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपियों ने लूटी गई रकम आपस में बांट ली थी। इसमें से कुछ रुपये उन्होंने खर्च कर दिए और कुछ उधारी चुकाने में इस्तेमाल किए। बची हुई रकम अपने-अपने घरों में छिपाकर रख दी थी।

पुलिस ने आरोपियों के घरों से कुल 6 लाख 21 हजार रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल चेतन की बाइक, लूटी गई रकम का बैग, डायरी और कलेक्शन से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी



  1. गजानंद भिड़े उर्फ गोलू: 33 वर्ष, निवासी ताप्ती परिसर, रंगवासा, राऊ, इंदौर। व्यापारी का कार ड्राइवर और साजिश का मुख्य आरोपी।


  2. चेतन मंडलोई: 26 वर्ष, निवासी नावसी, द्वारकापुरी, इंदौर। ऑटोमोबाइल इंजीनियर और एक वाहन शोरूम में सुपरवाइजर।


  3. राजकुमार रायकवार: 37 वर्ष, निवासी इंदौर। ड्राइवरी का काम करता है।

पुलिस के मुताबिक, मामले के खुलासे में एएसपी (रतलाम ग्रामीण) विवेक कुमार लाल और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में साइबर सेल, सीसीआर टीम और पूछताछ टीम ने अहम भूमिका निभाई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X