रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिलासपुर:मेडिकल की पीजी सीट के नाम पर डॉक्टरों से 2.75 करोड़ की ठगी, फर्जी अलॉटमेंट लेटर थमा भी दिए – Bilaspur Medical Pg Seat Fraud Doctors Cheated 2 75 Crore
बिलासपुर (छत्तीसगढ़)

बिलासपुर:मेडिकल की पीजी सीट के नाम पर डॉक्टरों से 2.75 करोड़ की ठगी, फर्जी अलॉटमेंट लेटर थमा भी दिए – Bilaspur Medical Pg Seat Fraud Doctors Cheated 2 75 Crore

November 28, 2026


बिलासपुर शहर में मेडिकल स्नातकोत्तर (एमडी) पाठ्यक्रम में प्रवेश दिलाने के नाम पर दो डॉक्टरों से लगभग 2.75 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने दाखिला कराने का झांसा देकर पीड़ितों को फर्जी अलॉटमेंट लेटर थमा दिए। मामले का खुलासा होने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में केस दर्ज किया है। नामजद आरोपी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, उत्तराखंड और बिलासपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस अब संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश कर रही है।

फर्जी आवंटन पत्र और मैंगलोर बुलाने की साजिश

पीड़ित डॉक्टर (55 वर्ष) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे ने एमबीबीएस किया है। उसने वर्ष 2023 में नीट पीजी की परीक्षा दी थी। नेशनल मेडिकल काउंसिल की ओर से शून्य पर्सेंटाइल पर प्रवेश की पात्रता घोषित किए जाने के बाद छात्र ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया। इसी दौरान अक्तूबर 2023 में गिरोह के एक सदस्य ने डॉक्टर से संपर्क किया और एमडी रेडियोलॉजी अथवा मेडिसिन में सीट दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने पहले 2.50 करोड़ रुपये की मांग की, लेकिन बाद में सौदा 2.30 करोड़ रुपये में तय हुआ। पीड़ित ने बैंक ट्रांसफर के जरिये 74,37,801 रुपये और 55 लाख रुपये नकद आरोपियों को दिए। इस तरह उनसे कुल 1,29,37,801 रुपये ऐंठ लिए गए। फरवरी 2024 में जारी प्रवेश सूची में बेटे का नाम न होने पर डॉक्टर को संदेह हुआ। इस पर आरोपियों ने रकम वापस करने का भरोसा दिलाकर समय बिताया। बाद में वॉट्सऐप पर 3.54 लाख रुपये शुल्क जमा का फर्जी सीट अलॉटमेंट लेटर भेजकर छात्र को मैंगलोर के मेडिकल कॉलेज बुलाया।

शिक्षा ऋण लेकर चुकाई रकम और गिरवी रखा घर

डॉक्टर अपने बेटे के साथ जब मैंगलोर पहुंचे तो गिरोह के सदस्य ने वहां सीट न मिलने की बात कही और उन्हें बेंगलुरु ले गया। वहां उनकी मुलाकात एक व्यक्ति से कराई गई, जिसने खुद को डॉक्टर और यूनिवर्सिटी का असिस्टेंट रजिस्ट्रार बताया। आरोपियों ने असली जैसे दिखने वाले एडमिशन ऑर्डर और रसीदें दिखाकर 12.68 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट बनवाने को कहा। बेटे के दाखिले की आस में पीड़ित डॉक्टर ने बैंक से शिक्षा ऋण लिया और अपना घर भी गिरवी रख दिया। डॉक्टर और उनका बेटा लगभग दो साल तक दाखिला मिलने और अपनी गाढ़ी कमाई वापस मिलने का इंतजार करते रहे। जब ठगी की पुष्टि हो गई तो पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

दूसरे चिकित्सक से भी ठगी और पांच पर प्राथमिकी

ठग गिरोह ने पीड़ित डॉक्टर के परिचित और रिंग रोड क्षेत्र के एक अन्य डॉक्टर को भी अपने जाल में फंसाया। आरोपियों ने उन्हें भी पीजी में सीट दिलाने का प्रलोभन दिया और उनसे लगभग 1,45,33,000 रुपये ठग लिए। वह चिकित्सक भी अपनी रकम वापस पाने के लिए दर-दर भटक रहे हैं। दोनों डॉक्टरों को मिलाकर कुल 2.75 करोड़ रुपये से अधिक की चपत लगाई गई है। सिविल लाइन पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, उत्तराखंड और स्थानीय संपर्कों पर आधारित इस गिरोह के बदमाशों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X