Mirzapur News:शिक्षकों को वेतन नहीं मिला तो संघ करेगा आंदोलन – If Teachers Do Not Receive Their Salaries, The Union Will Launch A Protest
मिर्जापुर। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में नवनियुक्त प्रवक्ता और सहायक अध्यापकों के वेतन भुगतान में देरी पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ, विंध्याचल मंडल ने नाराजगी जताई है। संगठन ने संयुक्त शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपा है। इसमें सभी पात्र शिक्षकों का लंबित वेतन एक सप्ताह में भुगतान करने की मांग की गई है। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
संघ के अनुसार, शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) ने 5 नवंबर को पत्र जारी किया था। उन्होंने शपथ पत्र लेकर वेतन भुगतान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद जिले में कई नवनियुक्त शिक्षकों को कार्यभार ग्रहण किए तीन माह हो गए। पर उन्हें अब तक वेतन नहीं मिला है।
संघ का आरोप है कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने कुछ शिक्षकों को केवल अक्तूबर का वेतन दिया। जबकि शासन के निर्देश में अक्तूबर तक भुगतान सीमित रखने की बात नहीं थी। शिक्षकों द्वारा वेतन बिल, शपथ पत्र और जरूरी अभिलेख जमा किए गए हैं। इसके बाद भी भुगतान आदेश जारी नहीं हुआ है। इससे शिक्षक आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हैं।
मंडलीय अध्यक्ष रमेश कुमार द्विवेदी ने चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में वेतन नहीं मिला तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा। ज्ञापन देने वालों में मंडलीय मंत्री डॉ. रविशंकर ओझा, जिलाध्यक्ष सुशील तिवारी, जिला मंत्री संजय सिंह, पवन कुमार उपाध्याय, सतीश विश्वकर्मा, डॉ. राजेश शुक्ल, सुरेश कुमार पांडेय, सपना और सुनीता निर्भाकर शामिल थीं।
