सड़क हादसे में घायल महिला की बृहस्पतिवार देर रात लालगंज के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो घर वाले बिलख पड़े।
लालगंज के सारीपुर निवासी दिनेश पटेल की पत्नी बिट्टन देवी (52) बृहस्पतिवार को बेटे के साथ बाइक से मायके कुंडा कोतवाली के शिवगढ़ तोरी में आयोजित कार्यक्रम शामिल होने जा रहीं थीं। रास्ते में रामपुर चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
आसपास के लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए लालगंज के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। अस्पताल में बृहस्पतिवार की देर रात इलाज के दौरान बिट्टन देवी की मौत हो गई। मृतका की दो बेटियां और एक बेटा है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का गांव में ही अंतिम संस्कार किया। प्रभारी निरीक्षक राजीव यादव ने बताया पति दिनेश पटेल की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।