Sirmour News:बैंकिंग, बचत, ऋण और वित्तीय प्रबंधन की दी जानकारी – Jagrukta Sivir In Sarnha College
राजकीय महाविद्यालय सराहां में वित्तीय साक्षरता का दिया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय सराहां में उद्यमिता विकास कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता का प्रशिक्षण दिया गया। हिमाचल प्रदेश उद्यमिता विकास केंद्र (एचपीसीईडी) और उद्योग विभाग के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम में बैंकिंग सुविधाओं, बचत, ऋण और व्यवसाय में वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
यह कार्यक्रम केंद्र सरकार की राइजिंग एंड एक्सीलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस (आरएएमपी) योजना के तहत द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी, पांवटा साहिब द्वारा आयोजित किया जा रहा है। दूसरे दिन संस्थान के सहायक प्रबंधक शिशुपाल चौहान और केंद्र प्रबंधक राजेश शर्मा ने प्रतिभागियों को व्यवसाय में निवेश, आय-व्यय का लेखा-जोखा रखने और सही वित्तीय निर्णय लेने के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही उपलब्ध बैंकिंग एवं वित्तीय सुविधाओं का लाभ उठाने के प्रति भी जागरूक किया।
प्रशिक्षण सत्र में पहले दिन के प्रतिभागियों के अलावा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भी भाग लिया। इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र नाहन से विस्तार अधिकारी जितेंद्र अत्री और खंड विकास कार्यालय सराहां से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी मेघा गोयल भी उपस्थित रहीं। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य गुलशन कुमार, वाणिज्य विभाग की सहायक आचार्य डॉ. प्रियंका सराओ और हिंदी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. मोल्लम डोलमा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंतिम दिन 28 नवंबर को डिजिटल विपणन विषय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें प्रतिभागियों को सामाजिक माध्यमों और डिजिटल मंचों के जरिये अपने उत्पादों एवं सेवाओं के प्रचार-प्रसार की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को उद्यमिता एवं स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।
