रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मंडी

Mandi News:आटा कारोबारी से 9.06 लाख रुपये की ठगी – Flour Trader Swindled Out Of Rs 9.06 Lakh

November 28, 2026


दिल्ली की फर्म पर माल लेकर भुगतान न करने का आराेप

100 मीट्रिक टन आटे का दिया था ऑर्डर, दो गाड़ियों में सप्लाई किया 9.06 लाख रुपये का माल

कार्यालय बंद कर भूमिगत हुए आरोपी, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

संवाद न्यूज एजेंसी

मंडी। ऑनलाइन व्यापार पोर्टल के माध्यम से संपर्क कर मंडी के एक आटा कारोबारी से करीब 9.06 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। दिल्ली की एक फर्म के संचालक और उसके सहयोगी पर आटा खरीदने के बाद भुगतान नहीं करने का आरोप है। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आटा कारोबारी संजीव कुमार निवासी गांव सायरी की कोटली क्षेत्र में रोलर फ्लोर मिल है। बीते तीन जून को पोर्टल के माध्यम से उनका संपर्क दिल्ली के एक फर्म संचालक अमन बंसल से हुआ था। इसके बाद अमन बंसल ने उन्हें मिलने के लिए दिल्ली बुलाया, जहां 18 जून को उसकी और उसके सहयोगी वरुण कुमार मिश्रा से मुलाकात हुई। बातचीत के बाद फर्म को आटा सप्लाई करने और माल मिलने के बाद भुगतान करने की शर्त तय हुई।

शिकायत के अनुसार 20 जून को फर्म की ओर से 100 मीट्रिक टन आटे का ऑर्डर दिया गया। इसके बाद कारोबारी ने 25 जून को एक गाड़ी और चार जुलाई को दूसरी गाड़ी के माध्यम से आटा भेजा। दोनों खेप दिल्ली पहुंचने पर अमन बंसल ने माल की प्राप्ति भी दी। पहली गाड़ी में भेजे गए आटे की कीमत 4.68 लाख रुपये और दूसरी खेप की कीमत 4.38 लाख रुपये थी। इस तरह कुल 9.06 लाख रुपये का माल सप्लाई किया गया।

आरोप है कि माल प्राप्त करने के बाद दोनों ने भुगतान नहीं किया। कारोबारी के बार-बार संपर्क करने पर आरोपी जल्द पेमेंट करने का भरोसा देते रहे। बाद में जब कारोबारी उनके दिल्ली स्थित कार्यालय पहुंचा तो वहां ताला लगा मिला। आरोपियों के फोन भी बंद आने लगे। उधर, एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच जारी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X