Etah News:शादी में बरात लेकर गया था परिवार, घर में लगी आग – Family Went To A Wedding As Part Of The Wedding Procession; A Fire Broke Out At Their Home
एटा। परिवार भतीजे की शादी में बरात लेकर गया, इधर घर में लगी आग से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। शॉर्ट सर्किट से मकान में आग लग गई। देखते ही देखते घर में रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय मकान में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था।
कस्बा व थाना बागवाला निवासी प्रवीन कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके भतीजे की शादी थी। परिवार के लोग शुक्रवार रात बरात में शामिल होने सिकंदराराऊ गए थे। रात करीब 10 बजे मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने घर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। मकान से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने महिलाओं की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग लगने से कपड़े, बिस्तर व घर-गृहस्थी का अन्य सामान जल गया। परिवार के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। सीओ सिटी कीर्तिका सिंह ने बताया कि सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आग बुझ चुकी थी।
