रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बाराबंकी

Barabanki News:आत्मनिर्भरता की राह पर बेटियां, योजना के लाभ में बाराबंकी आगे – Daughters On The Path To Self-reliance; Barabanki Leads In Reaping The Benefits Of The Scheme

November 28, 2026


बाराबंकी। बेटियों की पढ़ाई और बेहतर भविष्य के लिए आर्थिक तंगी अब बाधा न बने, इसके लिए संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का जिले में दायरा लगातार बढ़ रहा है। योजना के तहत निर्धारित 40 हजार पंजीकरण का लक्ष्य पार करते हुए बाराबंकी में अब तक 51,768 बेटियों को लाभ के लिए पंजीकृत किया जा चुका है।

प्रतिदिन अपडेट होने वाली प्रदेश की रैंकिंग में बाराबंकी 9वें स्थान पर पहुंच गया है। योजना के जरिये बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा में प्रवेश तक छह चरणों में 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। यह धनराशि सीधे लाभार्थी के अभिभावकों के बैंक खाते में पहुंचती है।

जन्म से उच्च शिक्षा तक आर्थिक सहारा

मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का उद्देश्य बालिकाओं के जन्म के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करना है। योजना में बालिका के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा में प्रवेश तक अलग-अलग पड़ावों पर आर्थिक सहायता दी जाती है। इससे परिवारों को बेटी की परवरिश, टीकाकरण और पढ़ाई से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है।

पंजीकरण की प्रक्रिया हुई आसान

योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए आवेदन प्रक्रिया भी सरल की गई है। नए शासनादेश के तहत आवेदक और बालिका का संयुक्त फोटो, घोषणापत्र, पहचान पत्र की अलग प्रति और पंजीकरण रसीद जैसे चार अतिरिक्त प्रपत्र लगाने की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। इससे अभिभावकों को दस्तावेज जुटाने की परेशानी कम होगी और आवेदन प्रक्रिया पहले की अपेक्षा आसान हो सकेगी।

ये है पात्रता

उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए। परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आय प्रमाण पत्र, बालिका का नवीनतम फोटो, जन्म प्रमाण पत्र और संबंधित कक्षा में प्रवेश का प्रमाण पत्र आवश्यक है।

इनसेट : आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से भी करा सकते हैं पंजीकरण

जिला प्रोबेशन अधिकारी सूरज सिंह ने बताया कि बालिका के जन्म के समय से योजना में (मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला पोर्टल) पर पंजीकरण कराया जा सकता है। इसके बाद एक वर्ष की आयु पूरी होने और टीकाकरण, कक्षा एक, छह और नौ में प्रवेश तथा कक्षा 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद उच्च शिक्षा में प्रवेश के चरण पर सहायता का लाभ मिलता है।

—————

छह चरणों में मिलती है आर्थिक सहायता

जन्म के समय : 5,000 रुपये

एक वर्ष पूर्ण होने एवं टीकाकरण के बाद : 2,000 रुपये

कक्षा एक में प्रवेश पर : 3,000 रुपये

कक्षा छह में प्रवेश पर : 3,000 रुपये

कक्षा नौ में प्रवेश पर : 5,000 रुपये

10वीं या 12वीं उत्तीर्ण कर उच्च शिक्षा में प्रवेश पर : 7,000 रुपये

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X