Tehri News:नशा तस्करी और साइबर ठगी में कार्रवाई करे पुलिस – Police Should Take Action Against Drug Trafficking And Cyber Fraud
नई टिहरी। मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने, नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने और साइबर अपराधों की विवेचनाओं को समय से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी सरिता डोबाल ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और साइबर सेल की बैठक लेते हुए कहा कि नशा तस्करी और साइबर अपराधों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने एएनटीएफ को पिछले पांच साल के नशा तस्करों की स्थिति का रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बार-बार नशा तस्करी में संलिप्त पाए जाने और संगठित रूप से मादक पदार्थों का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ साक्ष्य एकत्रित कर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करें। साइबर अपराधों की विवेचनाओं में तेजी लाने और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए एसएसपी डोबाल ने साइरब अपराध में प्रयुक्त बैंक खातों का विवरण पोर्टल से प्राप्त रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्य और अन्य महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारियां संबंधित विवेचकों को समय से उपलब्ध कराने को कहा।
