तालग्राम। अन्ना गोवंश के साथ अब नीलगायों (वनरोज) के झुंड किसानों के दुश्मन बन रहे हैं। रात-दिन खेतों में लगातार हो रहे नुकसान से किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। परेशान किसानों ने वन विभाग से फसलों को बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
क्षेत्र के मझैया, भवनियापुर, माधौनगर, मवैया, महानगर, कोहटिया, कसारी, बिचपुरवा, बिरौली और अतरौली सहित कई गांवों में नीलगायों की संख्या बढ़ने से किसान परेशान हैं। पहले नीलगाय रात के अंधेरे में खेतों में पहुंचती थीं लेकिन अब दिन में भी जंगलों से निकलकर फसलों को बर्बाद कर रही हैं। झुंड के रूप में खेतों में घुसने से फसलें रौंदी जा रही हैं। किसान नरेंद्र कुमार, दीपू, गजेंद्र, रोहित, रामकुमार, संजीव और अभय सिंह का कहना है कि फसल बचाने के लिए खेतों पर लगातार निगरानी करनी पड़ रही है।
थोड़ी सी लापरवाही होते ही नीलगाय खेतों में घुसकर नुकसान कर देती हैं। वन रेंजर आरके चितौड़िया ने बताया कि नीलगायों से फसल नुकसान की शिकायतें मिलती रहती हैं। नीलगाय वन्यजीव संरक्षण की श्रेणी में आती हैं। इन्हें मारना वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए खेतों के आसपास गोबर और हर्बल घोल का छिड़काव करना चाहिए।