Ambala News:15 दिनों में 10 सड़क हादसे, 11 घरों के बुझे चिराग,12 लड़ रहे जिंदगी की जंग – 10 Road Accidents In 15 Days: 11 Households Left In Mourning, 12 People Fighting For Their Lives
अंबाला। सड़क सुरक्षा अंबाला में गंभीर विषय बनता जा रहा है। इस साल अक्तूबर तक हुए सड़क हादसों में 241 लो जान गवां चुके हैं। इसमें 17 लोग दोपहिया वाहन चालक तो 8 लोग पैदल चलने वाले भी शामिल हैं।
जिले की सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण 15 दिनों के भीतर हुए 10 सड़क हादसों में 11 लोगों की मौत हो गई जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल होकर अस्पतालों में जिंदगी के लिए जंग लड़ रहे हैं। मरने वालों में 15 साल के नाबालिग छात्र से लेकर कामकाजी मजदूर और पुलिस जवान तक शामिल हैं। हादसों की मुख्य वजह में तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना, वाहनों के बीच सड़क पर खड़े रहना और ड्राइविंग के साथ मोबाइल का प्रयोग शामिल है
इन घटनाओं में तेज गति लापरवाही सबसे बड़ा खतरा बनकर सामने आई है। बब्याल के वशिष्ठ नगर निवासी 15 वर्षीय छात्र आरव गौड़ की एसडी कॉलेज के पास रेड लाइट के समीप गलत दिशा व तेज गति से आई बाइक की टक्कर में मौत हो गई। इसी तरह नग्गल थाना क्षेत्र के खुर्चनपुर गांव के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से राजमिस्त्री राजिंद्र सिंह की जान चली गई, जबकि नारायणगढ़ रोड पर मधु पैलेस के पास डंपर की टक्कर ने गुरदित सिंह को लील लिया। सब्जी मंडी में पल्लेदारी करने वाले विवेक यादव भी ऑडी की टक्कर के बाद 13 दिन तक अस्पताल में जिंदगी से जूझते हुए हार गए।
खड़े वाहन और हाईवे पर चूक बने काल
शाहबाद-बराड़ा मार्ग पर जलूबी व उगाला के बीच सड़क के बीचों-बीच खड़े भूसे से लदे ट्रक में कार के टकराने से सपना रानी की मौत हो गई, वहीं अधोई गांव के पास खड़े वाहन से स्क्रैप लदा ट्रक भिड़ने से परिचालक रजत कुमार की जान चली गई। एनएच-44 पर कालका चौक के पास एंबुलेंस के भारी वाहन से टकराने में युवती साया की मौत हुई, जिसमें चालक पर तेज गति व मोबाइल से वीडियो बनाने के आरोप लगे।
शहीद स्मारक के पास मदद के लिए रुके जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों को कैंटर ने रौंद दिया, जिसमें हेड कांस्टेबल शाहबाज आलम शहीद हो गए। इसके अलावा तोपखाना में ऑटो की टक्कर से मजदूर मक्खन और पिलखनी में लिफ्ट मिक्सचर मशीन के चैनल टूटने से मजदूर जसबीर सिंह की मौत ने सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है।
10 हादसों में सात घटनाएं शाम 5 से सुबह साढ़े 5 बजे तक हुईं
आंकड़ों पर गौर करें तो इन 10 हादसों में से 7 घटनाएं शाम 5 बजे से सुबह साढ़े 5 बजे के बीच हुईं, जब दृश्यता कम होती है और सड़कों पर रफ्तार का दबाव बढ़ जाता है। बब्याल के वशिष्ठ नगर निवासी 10वीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र आरव गौड़ की शाम 6 बजे रेड लाइट पर गलत दिशा से आई तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई। खुर्चनपुर के पास रात 7:50 बजे तेज रफ्तार बाइक की टक्कर में राजमिस्त्री राजिंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि तोपखाना क्षेत्र में शाम 7 बजे ऑटो की टक्कर से 45 वर्षीय मजदूर मक्खन की जान चली गई। वहीं, सब्जी मंडी में पल्लेदारी करने वाले विवेक यादव रात 11 बजे ऑडी की टक्कर से घायल हुए और 13 दिन बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया।
