हापुड़। जिले के तीन लिंक मार्गों के निर्माण पर 2.68 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए टेंडर निकाला गया है। मार्गों का निर्माण होने से हजारों लोगों का आवागमन सुगम होगा।
लोक निर्माण विभाग की ओर से 1.14 करोड़ रुपये से ग्राम हरसिंहपुर से कोटला मार्ग का नवनिर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा 75.56 लाख रुपये से मेन रोड हरसिंहपुर-साबदीपुर मार्ग से मोरपुर हरसिंहपुर मार्ग पर मिसिंग लिंक रोड और करीब 60 लाख रुपये से ग्राम सैदपुर पुल से जिले की सीमा साइफन पुलिस चौकी तक मिसिंग लिंक मार्ग का नवनिर्माण कराया जाएगा। इन सभी कार्यों के लिए पूर्व में भी धनराशि जारी हो चुकी है। अब शासन स्तर से शेष धनराशि जारी हुई है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सिंह का कहना है कि तीनों मार्गों का पूरा कार्य जनवरी माह में पूरा हो जाएगा। इन मार्गों के निर्माण से करीब सात गांवों के हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। यह मार्ग अन्य दूसरे मार्गों को भी आपस में जोड़ते हैं। इसलिए इनका नवनिर्माण कराया जा रहा है।