रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
प्रयागराज

Prayagraj News:फिर जाम से हांफा फाफामऊ और नैनी पुल… दो किमी की दूरी एक घंटे में हुई तय – Then, Stuck In Traffic Between Phaphamau And The Naini Bridge… It Took An Hour To Cover A Distance Of Two Kilometers

November 28, 2026


शहर के दो प्रमुख पुलों फाफामऊ और नए यमुना पुल पर शनिवार को फिर भीषण जाम लगा। सुबह से शाम तक वाहन रेंगते रहे। हालात ऐसे रहे कि दो किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को करीब एक घंटे तक लग गए। वहीं, दस मिनट के सफर में आधे घंटे से अधिक समय खर्च करना पड़ा। जाम में फंसे राहगीर परेशान होते रहे, लेकिन पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद यातायात व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी।

फाफामऊ पुल पर जाम का सबसे ज्यादा असर रहा। सोरांव निवासी सतीश ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन घर से 28 किलोमीटर दूर बैंक जाना होता है। घर से बैंक पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लगता है, लेकिन फाफामऊ से तेलियरगंज तक पुल पार करने में ही एक घंटाें लगता है। शनिवार छुट्टी के दिन बेटी को घुमाने निकले तो फिर जाम में फंस गए। पुल पर जाम की प्रमुख वजहों में इसका दो लेन का होना भी शामिल है। लखनऊ और अयोध्या की ओर से आने वाला यातायात फोरलेन हाईवे से मलाका चौराहे पर पहुंचता है। यहां से आगे बढ़ने पर वाहनों का दबाव फाफामऊ चौराहे पर बढ़ गया। पुल की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात दो लेन में सिमटने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुल पर वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण कई बार बीच रास्ते में वाहन खराब हो जाते हैं। खराब वाहनों तक क्रेन पहुंचने में भी करीब 15 से 20 मिनट लग जाते हैं। जिसे जाम की स्थिति और भयावह हो जाती है। दुकानदार जसकरन यादव, रवि अग्रवाल और आरडी वर्मा ने बताया कि जाम की समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी छोटक यादव ने बताया कि सड़क पर जगह कम होने और वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण जाम की समस्या हो रही है।

यहां भी रेंगते रहे वाहन

उधर, मिर्जापुर राजमार्ग पर नए यमुना पुल से लेकर कई प्रमुख चौराहों तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। एडीए मोड़, छिवकी रेलवे स्टेशन मोड़, शंकरढाल, कॉटन मिल, अरैल मोड़ और नए यमुना पुल चौराहे पर सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। छिवकी पुलिस चौकी से राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम कार्यालय तक दोपहर एक से तीन बजे तक वाहन फंसे रहे। कुछ देर राहत मिलने के बाद शाम पांच बजे फिर जाम लग गया। नए यमुना पुल चौराहे पर शहर की ओर जाने वाले मार्ग पर सुबह से शाम तक तीन से चार बार जाम लगा। वाहनों की कतार के कारण राहगीरों को खासी परेशानी हुई।

सुबह-शाम पीक आवर में वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। पुल पर वाहन खराब होने से जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है। खराब वाहनों को हटाने के लिए पुल के दोनों ओर क्रेन तैनात की गई हैं। – संदीप कुमार रॉय, सहायक पुलिस आयुक्त, यातायात

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X