रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हिसार

Hisar News:दो दिन में बिजली चोरी के 881 मामले पकड़े, 1.81 करोड़ की राशि आंकी – 881 Cases Of Electricity Theft Detected In Two Days; Amount Estimated At 1.81 Crore

November 29, 2026


हिसार। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की ओर से 26 और 27 नवंबर को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान हिसार जोन में बिजली चोरी के 881 मामले पकड़े गए। इनमें 1 करोड़ 80 लाख 91 हजार रुपये की राशि आंकी गई। प्रदेशभर में निगम के दोनों जोन में कुल 2421 मामले पकड़े गए और 9 करोड़ 41 लाख 54 हजार रुपये की जुर्माना राशि निर्धारित की गई।

प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि अभियान के पहले दिन 26 नवंबर को बिजली चोरी के 1133 मामले पकड़े गए, जिनमें 4 करोड़ 42 लाख 99 हजार रुपये की राशि आंकी गई। वहीं, 27 नवंबर को 1288 मामले पकड़े गए और 4 करोड़ 98 लाख 55 हजार रुपये की राशि निर्धारित की गई। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए आधुनिक तकनीक, निगरानी व्यवस्था और विभागीय टीमों की सक्रियता को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

अभियान के दौरान दिल्ली जोन में सबसे अधिक 1540 मामले पकड़े गए और 7 करोड़ 60 लाख 63 हजार रुपये की राशि आंकी गई। इसके अंतर्गत पलवल सर्कल में 512, फरीदाबाद में 270, गुरुग्राम-प्रथम और गुरुग्राम-द्वितीय में संयुक्त रूप से 367, नारनौल में 225 और रेवाड़ी में 166 मामले सामने आए। हिसार जोन के अंतर्गत भिवानी सर्कल में 324, हिसार में 221, जींद में 202, फतेहाबाद में 70 और सिरसा में 64 मामले पकड़े गए।

निगम के जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने बताया कि बिजली चोरी की सूचना कार्यदिवसों में टोल फ्री नंबर 18001801011 पर दी जा सकती है। बिजली चोरी रोकने, लाइन लॉस कम करने, राजस्व संरक्षण और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाने के लिए भविष्य में भी विशेष अभियान जारी रहेंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X