Ambala News:देरी से चल रही ट्रेनों की रेलवे ने बढ़ाई निगरानी – Railways Increases Monitoring Of Delayed Trains
अंबाला। उत्तर रेलवे क्षेत्र में किए गए ट्रेनों के आकलन को लेकर चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, कुल 76 ट्रेनें 5 से 30 मिनट की देरी से संचालित हो रही थीं। ट्रेनों के समय पर संचालन को पटरी पर लाने के लिए उत्तर रेलवे की ओर से पत्र के जरिये संबंधित वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधकों को ट्रेनों का समय मेकअप कराने के निर्देश दिए गए हैं।
23 नवंबर 2026 को सुबह 9:17 बजे जारी इस रिपोर्ट के मुताबिक अलग-अलग मंडलों में ट्रेनों के विलंब की स्थिति और प्रमुख आंकड़े सामने आए हैं। इसके अलावा नोटिस के ऊपरी हिस्से में वाणिज्य, सीएंडडब्ल्यू, विद्युत, आरपीएफ और सीटीएलसी के साथ-साथ अंबाला, दिल्ली, सहारनपुर और बठिंडा से जुड़े संकेतों व टिप्पणियों के साथ इसे संबंधित पक्षों तक भेजा गया है। परिचालन स्तर पर ट्रेनों की गति व समयबद्धता बनाए रखने के लिए समय मेकअप पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। मंडलवार देरी की स्थिति : रिपोर्ट के अनुसार, छह मंडलों में कुल 76 ट्रेनों की स्थिति दर्ज की गई। इसके तहत दिल्ली मंडल में 23 ट्रेनें 8 से 24 मिनट की देरी से दर्ज हुईं। इनमें 14024 (कुरुक्षेत्र-दिल्ली) 24 मिनट और 20423 व 12056 23-23 मिनट विलंब से रहीं। इसी प्रकार फिरोजपुर मंडल की 9 ट्रेनें 8 से 24 मिनट देरी से चलीं।
इनमें 19107 (भावनगर टर्मिनस-शहीद कप्तान तुषार महाजन उधमपुर) 24 मिनट विलंब से दर्ज हुई जबकि जम्मू मंडल की 5 ट्रेनें 9 से 22 मिनट देरी से रहीं। इनमें 19224 22 मिनट और 13151 15 मिनट विलंब से चली।
इसी प्रकार लखनऊ मंडल की 16 ट्रेनें 5 से 26 मिनट की देरी से संचालित हुईं। इनमें 13238 26 मिनट और 15075 26 मिनट विलंब से दर्ज की गईं। मुरादाबाद मंडल की 18 ट्रेनें 5 से 25 मिनट देरी से चलीं, जिनमें 14617 25 मिनट और 14321 20 मिनट विलंब से रही जबकि अंबाला मंडल की 5 ट्रेनें 5 से 18 मिनट देरी से दर्ज की गईं। इनमें 12411 18 मिनट और 19411 11 मिनट विलंब से चली।
