अखिलेश यादव चाहें तो सैफई में भी कराएं कथा :केशव प्रसाद मौर्य – If He Wishes, Akhilesh Yadav Can Also Have The ‘katha’ (religious Discourse/recitation) Organized In Saifai: Keshav Prasad Maurya
बांदा। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में किसी को भी कथा और धार्मिक यात्राओं में बाधा डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी बांदा में कथा करा रहे हैं तो सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी चाहें तो सैफई में कथा करा सकते हैं। सरकार को इससे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन धार्मिक आयोजनों में विघ्न डालने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शनिवार को शहर के पं. जेएन कॉलेज मैदान में चल रही श्री भक्त चरित्र कथा के तीसरे दिन पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने व्यास पीठ को प्रणाम कर आशीर्वाद लिया। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में धार्मिक आयोजन हो रहे हैं, लेकिन कुछ राजनीतिक विरोधियों को यह रास नहीं आ रहा है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बन चुका है और काशी में बाबा विश्वनाथ धाम का निर्माण हुआ है। मथुरा का उल्लेख करते हुए कहा कि न्यायिक प्रक्रिया के तहत उनके कान्हा का मंदिर भी बनकर रहेगा।
भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जो कथा सुनता है, वह कमल का बटन ही दबाता है। उन्होंने चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत की शिवभक्ति की सराहना करते हुए बताया कि विधायक करीब दो वर्षों से अन्न ग्रहण नहीं कर रहे हैं।
इससे पहले उन्होंने कहा कि जब कथा चल रही हो और भक्त उसे सुनने के लिए आतुर हों तो किसी राजनेता को भाषण देने के बजाय कथा श्रवण करना चाहिए। हालांकि, समयाभाव के कारण वह पूरी कथा नहीं सुन सके।
इस दौरान यजमान सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, एमएलसी बाबूलाल तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

फोटो-17-व्यासपीठ का पूजन करते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य। स्रोत: आयोजक
