रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Farrukhabad News:आलू ने तोड़ी कमर, किसान ने पकड़ी सब्जियों की खेती की डगर – Farrukhabad News
फ़र्रुख़ाबाद

Farrukhabad News:आलू ने तोड़ी कमर, किसान ने पकड़ी सब्जियों की खेती की डगर – Farrukhabad News

November 29, 2026


फर्रुखाबाद। लगातार दो साल से आलू की मंदी ने किसानों की कमर तोड़ दी है। लागत तक न निकल पाने से परेशान किसानों ने अब सब्जियों की खेती की ओर रुख किया है। इस बार जिले में आलू का रकबा 10 से 15 फीसदी घटने की उम्मीद है। आलू की जगह किसान टमाटर, हरी मटर, मिर्च, बैंगन और फूलगोभी जैसी सब्जियों की खेती कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर सब्जियों की पैदावार बढ़ने से थोक मंडी में आवक बढ़ गई है। इससे जहां किसानों को बेहतर आमदनी हो रही है, वहीं आम लोगों को भी कम दाम पर सब्जियां मिल रही हैं।

बाहर से आने वाले टमाटर की 25 किलो की क्रेट पहले 600 से 700 रुपये में बिक रही थी। स्थानीय टमाटर की आवक बढ़ने से अब इसका भाव घटकर 350 से 400 रुपये आ गया है। अब टमाटर का थोक भाव 14 से 15 रुपये किलो है। अदरक के दाम में भी गिरावट आई है। दीपावली तक 100 रुपये किलो बिकने वाली अदरक अब थोक में 45 रुपये किलो बिक रही है। हरी मटर का भाव भी 40 से 45 रुपये किलो आ गया है।

सब्जी आढ़ती स्वामी दयाल का कहना है कि आलू में लगातार दो साल से लागत डूबने के कारण बड़े किसान भी अब खेतों के कुछ हिस्से में सब्जियों की खेती करने लगे हैं। मोहनापुर के बड़े किसान, जिन्हें क्षेत्र में लंबरदार के नाम से जाना जाता है, उन्होंने भी इस बार मिर्च और बैंगन की खेती की है।

बीएड करने के बाद कृषि उत्पादन मंडी समिति में सब्जियों का थोक कारोबार कर रहे सलमान ने बताया कि मंडी में स्थानीय सब्जियों की आवक बढ़ी है। सोया और मेथी सुबह 15 रुपये किलो बिकती है, लेकिन बचने पर 10 रुपये किलो बिक रही है। फूलगोभी औसतन सात रुपये प्रति पीस बिक रही है। प्याज का भाव भी 55 रुपये से घटकर 40 रुपये किलो हो गया है। धनिया 25 रुपये किलो, लाल शकरकंद 20 रुपये और सफेद शकरकंद 15 रुपये किलो बिक रही है।

कृषि विविधीकरण से घटा आलू का रकबा

जिला उद्यान एवं आलू विकास अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की नीति किसानों के फायदे के लिए कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने की है। दुर्भाग्य से फर्रुखाबाद में आलू ही रबी की एकमात्र प्रमुख फसल बनकर रह गया था। लगातार घाटे के कारण अब किसान खेत के कुछ हिस्से में सब्जियां, सरसों और गेहूं की खेती करने के लिए आगे आ रहे हैं। इससे इस बार आलू का रकबा 10 से 15 प्रतिशत तक कम होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जिले में 43 हजार 700 हेक्टेयर में आलू की खेती हुई थी। करीब 15 लाख मीट्रिक टन आलू का उत्पादन हुआ था। इस बार अभी पिछैती आलू की बोआई चल रही है। जल्द ही बोआई के आंकड़े सामने आएंगे। सहायक विकास अधिकारी कृषि संजीव राजपूत ने बताया कि पिछले साल हरी मटर के अच्छे दाम मिले थे। इसी को देखते हुए इस बार कई किसानों ने पहली बार हरी मटर, फूलगोभी, बैंगन और अन्य सब्जियों की खेती की है। पहले जो किसान 60 से 70 बीघा में आलू करते थे, वे अब 10 से 15 बीघा में सब्जी और सरसों की खेती भी कर रहे हैं। गेहूं के बीज की बिक्री भी पिछले साल के मुकाबले बढ़ी है।

इस बार कम हुई आलू की बोआई

केंद्र और राज्य सरकार से पुरस्कृत उन्नतिशील किसान नारद सिंह ने बताया कि आलू में लगातार नुकसान होने से किसानों ने इस बार कम क्षेत्र में आलू की खेती करने का मन बनाया था। हालांकि आलू का बीज मुफ्त मिलने के कारण कुछ किसानों का रुख बदला और उन्होंने अनिच्छा के बावजूद आलू की बोआई की। इसके बाद भी इस बार जिले में आलू का रकबा घटने की संभावना है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X