पिथौरागढ़:हिमालयी पौधे विष्णुक्रांता में मिले 32 जीवाणुरोधी यौगिक, एंटीबायोटिक प्रतिरोध के खिलाफ जगी उम्मीद – 32 Antibacterial Compounds Discovered In The Himalayan Plant Vishnukranta
एंटीबायोटिक दवाओं के प्रति जीवाणुओं में बढ़ते प्रतिरोध के बीच हिमालयी पौधे विष्णुक्रांता ने नई उम्मीद जगाई है। इसकी पत्तियों में 32 जैव सक्रिय रासायनिक यौगिक मिले हैं जो कई हानिकारक जीवाणुओं की वृद्धि रोकने में प्रभावी पाए गए हैं।
एसएसजे विश्वविद्यालय के शोधार्थियों ने इस पौधे में प्रभावशाली जीवाणुरोधी गुणों की पहचान की है। शोध के निष्कर्ष अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका जर्नल ऑफ हर्ब स्पीशीज एंड मेडिसिनल प्लांट्स में प्रकाशित हुए हैं। एलएसएम परिसर के वनस्पति विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रीति पंत ने बताया कि एंटीबायोटिक दवाओं के प्रति जीवाणुओं में बढ़ता प्रतिरोध दुनियाभर में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए गंभीर चुनौती बन रहा है। ऐसे में विष्णुक्रांता (माइक्रोमेरिया बायोफ्लोरा) का अध्ययन प्राकृतिक स्रोतों से नए जीवाणुरोधी पदार्थों की खोज की दिशा में महत्वपूर्ण है।
अध्ययन में विष्णुक्रांता के यौगिक लिस्टेरिया मोनोसाइटोजेन्स, प्रोटियस मिराबिलिस, स्यूडोमोनास एरुजिनोसा और एग्रोबैक्टीरियम ट्यूमेफेशियंस जैसे हानिकारक जीवाणुओं की वृद्धि रोकने में प्रभावी पाए गए। इनके औषधीय उपयोग और भविष्य में दवा निर्माण की संभावनाओं पर आगे अध्ययन किया जा सकता है।
ऐसे हुआ शोध…
शोध के दौरान पौधे की पत्तियों से हेक्सेन और मेथेनॉल की मदद से अर्क तैयार किया गया। इनमें मौजूद रासायनिक घटकों की पहचान के लिए गैस क्रोमैटोग्राफी और मास स्पेक्ट्रोमेट्री जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया। विश्लेषण में 32 जैव-सक्रिय यौगिक मिले, जिनमें प्राकृतिक जीवाणुरोधी गुण पाए गए। शोध में प्रयोगशाला आधारित परीक्षणों के साथ आणविक डॉकिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया। इसके माध्यम से पौधे के प्रमुख रासायनिक यौगिकों और जीवाणुओं के महत्वपूर्ण प्रोटीन के बीच संभावित अंतःक्रियाओं का अध्ययन किया गया जिससे उनकी जीवाणुरोधी क्षमता को समझने में मदद मिली। यह शोध डॉ. कपिल खुल्बे के निर्देशन में किया गया।
विष्णुक्रांता पर यह अध्ययन हिमालयी औषधीय वनस्पतियों में छिपी वैज्ञानिक और औषधीय संभावनाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। स्थानीय जैव विविधता का वैज्ञानिक अन्वेषण भविष्य में प्राकृतिक स्रोतों से उपयोगी औषधीय यौगिकों की खोज का आधार बन सकता है। -डॉ. प्रीति पंत, सहायक प्राध्यापक, वनस्पति विज्ञान विभाग, एलएसएम परिसर, पिथौरागढ़
