रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़तेहपुर

Fatehpur News:निर्माण कार्यों में सुस्ती पर डीएम सख्त, लोहिया उद्यान की कार्यदायी संस्था से मांगा जवाब – Dm Takes A Strict Stance On The Sluggish Pace Of Construction Work; Seeks An Explanation From The Agency Responsible For The Lohia Udyan Project

November 29, 2026


फतेहपुर। कलक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 50 लाख से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने निर्माण कार्यों में देरी और धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता के साथ परियोजनाएं जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए।

बैठक में 50 लाख से अधिक और एक करोड़ रुपये से कम लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं के साथ सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज विलंबित परियोजनाओं की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण निर्धारित समय से पीछे चल रहा है, उनकी समयावधि संशोधित कराने के लिए कार्यदायी संस्थाएं अपने मुख्यालय से समन्वय करें, ताकि पोर्टल पर सही स्थिति दर्ज हो सके।

उन्होंने कहा निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। परियोजनाओं की भौतिक प्रगति के अनुरूप वित्तीय प्रगति भी सुनिश्चित की जाए। पूर्ण हो चुके कार्यों के उपयोगिता प्रमाणपत्र (यूसी) समय से तैयार कर दूसरी किस्त की मांग भेजी जाए। लोहिया पर्यावरणीय उद्यान के निर्माण की धीमी प्रगति और पूर्व में दिए गए निर्देशों का पालन न होने पर डीएम ने नाराजगी जताई।

उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीआरएनएस से स्पष्टीकरण लेने और नियमानुसार शासन स्तर पर पत्राचार करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ पूनम निगम, एडीएम विनय पांडेय, डीआईओएस राकेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X