रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
इटावा

Etawah News:रिश्वतखोर कानूनगो की पदोन्नति पर संकट, किसानों ने खोली वसूली की पोल – Promotion Of Corrupt Revenue Official In Jeopardy; Farmers Expose His Extortion Racket

November 29, 2026


ताखा। किसान से जमीन की पैमाइश के नाम पर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कानूनगो रामगोपाल की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। करीब 12 किसानों ने विजिलेंस टीम के सामने जमीन की पैमाइश, मेड़बंदी और अन्य राजस्व कार्यों के नाम पर रुपये लेने के आरोप लगाए थे। कई किसानों का कहना है कि रकम लेने के बावजूद उनका काम नहीं किया गया। वहीं, कानूनगो का 50 हजार रुपये की मांग से जुड़ा ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उधर, 30 नवंबर को अपर चकबंदी अधिकारी के पद पर प्रस्तावित पदोन्नति भी गिरफ्तारी के चलते खटाई में पड़ गई है।

शुक्रवार को विजिलेंस टीम ने कानूनगो रामगोपाल को ताखा तहसील मुख्यालय से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। कानपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा सात के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तारी के बाद थाने में मौजूद विजिलेंस टीम से शिकायत के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जब टीम शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जाने लगी थी तो हरकुंजलपुर के प्रधान रमेश बाबू चौहान ने भी अपनी शिकायत की। आरोप लगाया कि नगला झावर गांव में जमीन की मेड़बंदी और पैमाइश के लिए कानूनगो ने उनसे 24 हजार 500 रुपये लिए थे। इसके बावजूद दूसरे पक्ष में पैमाइश कर दी गई। प्रधान का दावा है कि दूसरे पक्ष से भी 50 हजार रुपये लिए गए। मामले में न्याय के लिए उन्हें कमिश्नरी तक जाना पड़ा, जहां से स्थगन आदेश लेना पड़ा।

पुरैला गांव के कमलेश बाबू ने बताया कि एसडीएम कोर्ट से मेड़बंदी का आदेश होने के बाद पैमाइश के लिए कानूनगो ने उनसे 20 हजार रुपये लिए, लेकिन काम नहीं किया। इसी तरह बहादुरपुर पचार के श्रीचंद, मोहरी के संतोष कुमार, नगला लच्छी के प्रांशु गुप्ता, नगला झावर के देवेंद्र सिंह चौहान, इटुआहार की बबली राठौर, उदयपुर कला के शशी और मनोज कुमार, ऊसराहार के प्रवेश कुमार तथा सौथना के अमित कुमार ने भी विजिलेंस टीम के सामने रुपये लेने के बाद काम नहीं करने की शिकायत की।

इटुआहार की बबली राठौर ने आरोप लगाया कि कानूनगो ने रकम लेकर उनके घर के सामने नाला खुदवा दिया, जिससे घर का रास्ता बंद हो गया। शिकायत के दौरान वह विजिलेंस टीम के सामने रो पड़ीं। टीम ने उनका बयान वीडियो रिकॉर्डिंग के रूप में दर्ज किया। उदयपुर कला निवासी दिव्यांग मनोज कुमार से भी रुपये लेने का आरोप लगाया गया है।

———————————————

वायरल ऑडियो में 50 हजार की मांग का दावा

कानूनगो का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें जमीन की पैमाइश के लिए 50 हजार रुपये की मांग और पुलिस की जिम्मेदारी लेने को लेकर बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में किसान 20 हजार रुपये पहले और धान बेचने के बाद 30 हजार रुपये देने की बात कहता सुनाई देता है। वहीं, कानूनगो पैमाइश के साथ पुलिस की जिम्मेदारी लेने की बात करता सुनाई दे रहा है। बाद में 30 हजार रुपये में सौदा तय होने पर पुलिस की जिम्मेदारी से पीछे हटकर केवल जमीन चिन्हित करने की बात कहने का दावा है। बताया जा रहा है कि यह ऑडियो गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले का है। सूत्रों के मुताबिक, विजिलेंस टीम ने इसे भी जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है।

———————————–

तलाशी में 16,215 रुपये और पुलिस का परिचय पत्र मिला

गिरफ्तारी के बाद तलाशी में कानूनगो के पास से रिश्वत के 30 हजार रुपये के अलावा 16 हजार 215 रुपये अतिरिक्त नकद बरामद हुए। रिश्वत की रकम में 500-500 रुपये के 60 नोट शामिल थे। पैंट की जेब में रखे पर्स से 10 हजार और दूसरी जेब से 6,215 रुपये मिले। इस तरह कुल 46 हजार 215 रुपये बरामद किए गए। विजिलेंस टीम ने गिरफ्तारी के बाद कानूनगो के हाथ धुलवाए तो पानी गुलाबी हो गया। टीम ने पानी का नमूना लेकर सील कर दिया। तलाशी में उत्तर प्रदेश पुलिस का परिचय पत्र, मतदाता पहचान पत्र, कार्यालय का परिचय पत्र, आधार कार्ड, दो एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैनकार्ड भी मिले।

————

पदोन्नति से पहले गिरफ्तारी, तरक्की पर ग्रहण

चकबंदी विभाग से राजस्व विभाग में संबद्ध किए गए कानूनगो रामगोपाल को 30 नवंबर को अपर चकबंदी अधिकारी के पद पर पदोन्नति मिलनी थी। इसकी प्रक्रिया लगभग पूरी बताई जा रही थी, लेकिन पदोन्नति से पहले रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तारी होने से उसकी तरक्की पर संकट खड़ा हो गया है। भ्रष्टाचार के आरोप में मुकदमा दर्ज होने और जेल जाने के बाद विभागीय कार्रवाई के साथ पदोन्नति का मामला भी प्रभावित हो सकता है। हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है।

विजिलेंस निरीक्षक रामचंद्र ने मुकदमा दर्ज होने और आरोपी को जेल भेजे जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान विजिलेंस टीम के साथ हुई अभद्रता की जानकारी एसडीएम ताखा विजय प्रकाश मिश्रा को दी गई है। इसकी रिपोर्ट शासन को भी भेजी गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X