झांसी के चिरगांव के तालाबपुरा मोहल्ले में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने जमकर हंगामा किया।
रविवार सुबह हुई इस घटना में प्रतिमा को ईंटों से नुकसान पहुंचाया गया। सुबह जब लोगों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखा तो उनमें रोष फैल गया। बीएसपी, भीम आर्मी के लोग हंगामा करने लगे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाने पर घटना में एक स्थानीय लड़की के शामिल होने की बात सामने आई है, जो उसी मोहल्ले की रहने वाली है और दलित समुदाय से आती है। फुटेज में लड़की को ईंट से प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करते हुए देखा जा सकता है। जैसे ही पुलिस ने सीसीटीवी खंगाली सारी तस्वीर सामने आ गई। हंगामा करने वाले लोग एक-एक कर खिसकने लगे। हालांकि, बाद में कुछ स्थानीय लोगों ने सीओ मोठ को ज्ञापन दिया।