Maharajganj News:ससुराल में रह रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत – Young Man Living At In-laws’ Home Dies Under Suspicious Circumstances
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत पनियरा के वार्ड नंबर 14 स्थित ससुराल में रह रहे 35 वर्षीय युवक की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अगया निवासी संदीप राय (35) पुत्र गणेश की शादी करीब 15 वर्ष पहले पनियरा के महावीर नगर निवासी स्वर्गीय बांके की पुत्री संगम से हुई थी। शादी के बाद संदीप को ससुराल में नेवासा मिला था। वह पिछले छह महीने से पत्नी और बच्चों के साथ वहीं रह रहा था। संदीप पुणे में रहकर पेंट-पॉलिश का काम करता था।
परिजन के मुताबिक, शुक्रवार रात संदीप शराब पीकर घर आया था। इसके बाद उसने भांग का सेवन किया और फिर बीपी की दवा खा ली। रात करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मृतक के भाई प्रदीप ने फोन कर पुलिस को दी। मृतक के परिवार में पत्नी संगम के अलावा तीन बच्चे सलोनी (12), साहिल (9) और सुंदरी (6) हैं।
पनियरा थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि रात में युवक के फांसी लगाने से मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव जमीन पर पड़ा मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
