Maharajganj News:नेपाल में 16 किलो थाई गांजे के साथ तीन भारतीय गिरफ्तार – Three Indians Arrested In Nepal With 16 Kg Of Thai Cannabis
सोनौली। नेपाल के रास्ते भारत में मादक पदार्थों की तस्करी का मामला सामने आया है। थाईलैंड से बांग्लादेश होते हुए नेपाल पहुंची 16 किलोग्राम गांजे की खेप के साथ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने तीन भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। तीनों को बृहस्पतिवार देर शाम त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ा गया।
एनसीबी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुंबई निवासी सईद अहमद साबिर अहमद (53), मोहम्मद कादिर मोहम्मद हनीफ शेख (26) और राहत फारुक शेख (48) के रूप में हुई है। इनमें सईद अहमद और मोहम्मद कादिर थाईलैंड से बांग्लादेश होते हुए बीजी-371 उड़ान से काठमांडू पहुंचे थे। संदिग्ध यात्रियों की जांच के दौरान दोनों को रोका गया। उनके बैग से 16 किलोग्राम थाई गांजा बरामद हुआ।
वहीं, राहत फारुक शेख दिल्ली से एयर इंडिया की एआई-217 उड़ान से काठमांडू पहुंचा था। जांच एजेंसी के मुताबिक, वह गांजे की खेप भारत ले जाने के इरादे से नेपाल आया था। उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से गांजे के अलावा दो पासपोर्ट, एक आधार कार्ड और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
एनसीबी के सूचना अधिकारी दुर्गा राज रेग्मी ने बताया कि हवाई मार्ग से नेपाल पहुंचने वाले संदिग्ध यात्रियों की जांच के दौरान तीनों भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 16 किलोग्राम थाई गांजा बरामद हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
भारतीय बाजार में 45 से 50 लाख रुपये किलो तक कीमत
जांच एजेंसी के अनुसार, थाईलैंड में गांजे की कीमत करीब तीन लाख रुपये प्रति किलोग्राम है। इसे भारत पहुंचाने में छह से सात लाख रुपये प्रति किलोग्राम अतिरिक्त खर्च आता है। इसके बावजूद भारतीय बाजार में इसकी कीमत 45 से 50 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक बताई जा रही है। एजेंसी को आशंका है कि क्रिसमस के दौरान मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए तस्करी की योजना बनाई गई थी।
नेपाल में चार किलो गांजे के साथ भारतीय नागरिक गिरफ्तार
इससे पहले बृहस्पतिवार को नेपाल में चार किलोग्राम गांजा बरामद हुआ था। इस मामले में सोनौली कोतवाली क्षेत्र के पहुनी गांव निवासी कुमार चौहान को नेपाल पुलिस ने गिरफ्तार किया था। लगातार सामने आ रहे इन मामलों से भारत-नेपाल सीमा के रास्ते मादक पदार्थों की तस्करी का मुद्दा फिर चर्चा में है।
