Kangra News:एड्स के खिलाफ कांगड़ा में एक माह चलेगा जागरूकता अभियान – A Month-long Awareness Campaign Against Aids Will Be Held In Kangra
स्कूलों से औद्योगिक इकाइयों तक पहुंचेंगे स्वास्थ्य विभाग के दल
पुलिसकर्मियों, टैक्सी चालकों और श्रमिकों को भी देंगे जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में जिला कांगड़ा में स्वास्थ्य विभाग 30 नवंबर से 31 दिसंबर तक विशेष जागरूकता अभियान चलाएगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान में स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, औद्योगिक संस्थानों और सरकारी विभागों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य लोगों को एचआईवी संक्रमण से बचाव, जांच और उपचार के प्रति जागरूक करना है।
इस वर्ष विश्व एड्स दिवस की थीम ‘एंडिंग एड्स स्टार्ट्स विद एक्सेस’ रखी गई है। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग विभिन्न विभागों और टारगेट इंटरवेंशन एनजीओ के सहयोग से अभियान चलाएगा। सीएमओ कार्यालय ने मेडिकल कॉलेज टांडा, क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला, सिविल अस्पताल नूरपुर और पालमपुर सहित सभी ब्लॉक मेडिकल अधिकारियों और वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों को कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के तहत दो दिसंबर को स्कूलों में एनएसएस, एनसीसी और स्काउट्स एंड गाइड्स के विद्यार्थियों के लिए पोस्टर मेकिंग, फेस मास्क, पॉट डिजाइनिंग और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियां होंगी। कॉलेजों में रेड रिबन क्लब के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम होंगे। औद्योगिक श्रमिकों के लिए 22 से 24 दिसंबर तक विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जबकि 26 दिसंबर को पुलिसकर्मियों को जानकारी दी जाएगी। होटल कारोबारियों, ढाबा संचालकों, किसानों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, टैक्सी चालकों और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के श्रमिकों को भी जोड़ा जाएगा।
1097 हेल्पलाइन का होगा प्रचार
अभियान के दौरान एचआईवी-एड्स संबंधी जानकारी के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1097 का प्रचार किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों और सरकारी कार्यालयों में इसके बारे में जानकारी प्रदर्शित होगी।
अभियान के तहत सभी संबंधित विभागों को गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को कार्यक्रमों की दैनिक रिपोर्ट तस्वीरों सहित भेजनी होगी। हेल्पलाइन नंबर 1097 के माध्यम से भी लोगों को जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। -डॉ. राजेश सूद, जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी
