रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मोहाली

Mohali News:तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत – Two Youths On A Motorcycle Killed After Being Hit By A Speeding Car

November 29, 2026


काम से घर लौट रहे थे दोनों युवक, पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर दर्ज किया मामला

संवाद न्यूज़ एजेंसी

जीरकपुर। मैकडी से छत की ओर जाने वाली सड़क पर शुक्रवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अर्जुन और कन्हैया लाल विश्वकर्मा निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने कार चालक सिमरनजीत सिंह निवासी फरीदपुर जट्टां, राजपुरा, घनौर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को दी शिकायत में राम प्रवेश शर्मा निवासी उत्तर प्रदेश, हाल निवासी नया गांव, मोहाली ने बताया कि वह लकड़ी का काम करता है। अर्जुन और कन्हैया लाल भी उसके साथ ग्रीन लोटस उत्सव सोसायटी में काम करते थे। शुक्रवार को काम खत्म होने के बाद वह घर चला गया था। रात करीब साढ़े नौ बजे उसे दोनों के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना मिली। वह डेराबस्सी अस्पताल पहुंचा तो वहां कन्हैया लाल की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल अर्जुन को जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

शिकायत के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आई दिल्ली नंबर की तेज रफ्तार कार ने लापरवाही से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1), 281 और 324(4) के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X