रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रुड़की

Roorkee News:ख्रिस्त ज्योति अकादमी बनी राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियन – Christ Jyoti Academy Becomes National Kabaddi Champion

November 29, 2026


– गोवा में हुए तीन दिवसीय मुकाबले में देशभर की टीमों को पछाड़कर जीता खिताब

– भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

संवाद न्यूज एजेंसी

भगवानपुर। कस्बा स्थित ख्रिस्त ज्योति अकादमी के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय की अंडर-16 कबड्डी टीम ने गोवा में आयोजित एनएसपीडीएफ राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप में विजेता बनकर खिताब अपने नाम किया। 27 से 29 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर की टीमों ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता में ख्रिस्त ज्योति अकादमी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीमों को शिकस्त दी और चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस जीत से भगवानपुर के साथ ही हरिद्वार जनपद और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।

टीम की इस उपलब्धि के साथ खिलाड़ियों ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता जनवरी में आयोजित होगी। अब टीम के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने की तैयारी करेंगे।

टीम की सफलता में प्रशिक्षक जेराल्ड गिल और नरेश कुमार का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए बेहतर प्रशिक्षण दिया। विद्यालय प्रबंधन ने टीम की इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई दी। साथ ही आगामी भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X