Dehradun News:देहरादून की नदियों में नहीं बहेगा गंदा पानी, सात नालों को एसटीपी से जोड़ने की तैयारी – Sevage Treatment Plant
देहरादून की नदियों में नहीं बहेगा गंदा पानी, सात नालों को एसटीपी से जोड़ने की तैयारी
-सीवेज कनेक्शन से अब तक 73,767 घर जुड़े, 81,834 घरों को जोड़ना बाकी
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। रिस्पना और बिंदाल समेत देहरादून की नदियों को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सीवेज प्रबंधन को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। नदियों में सीधे गिरने वाले सात नालों को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। इससे नालों के जरिए नदियों में पहुंचने वाले गंदे पानी का उपचार किया जा सकेगा और नदियों को स्वच्छ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठेगा।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि निर्माणाधीन एसटीपी का काम तेजी से पूरा करने और प्रस्तावित नए एसटीपी के निर्माण के लिए तत्काल आगणन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले नए एसटीपी का निर्माण शुरू कराया जाएगा। साथ ही जिले के सभी घरों को सीवेज कनेक्शन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
——
81 हजार से अधिक घरों में सीवेज कनेक्शन बाकी
देहरादून में वर्तमान में 166.45 एमएलडी क्षमता के 15 एसटीपी संचालित हैं। जिले में कुल 1,55,601 सीवेज कनेक्शन का लक्ष्य रखा गया है। इसके सापेक्ष अब तक 73,767 घरों को सीवेज कनेक्शन से जोड़ा जा चुका है। अभी 81,834 घरों को सीवेज नेटवर्क से जोड़ना बाकी है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रशासन ने संबंधित विभागों को तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं।
——
सात नए एसटीपी भी प्रस्तावित
जिले में सात नए एसटीपी का निर्माण प्रस्तावित है। जिला प्रशासन ने रिस्पना और बिंदाल नदी में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और संवेदनशील स्थानों पर जाली व स्क्रीन लगाने के निर्देश भी दिए हैं । सेप्टिक टैंकरों से निकलने वाले मल-मूत्र का एसटीपी में उपचार के बाद ही निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
