‘चुनाव में अन्नदाता, सत्ता में आने पर अनदेखी’:महाराष्ट्र सरकार पर बरसे दिपके, किसानों के लिए क्या मांग की? – Abhijeet Dipke Seeks Rs 50,000 Per Hectare Aid For Farmers And Calls For Simplified Loan Waiver Process
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने रविवार को महाराष्ट्र सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार से किसानों को प्रति हेक्टेयर 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने, लंबित फसल बीमा भुगतान जारी करने और कृषि ऋण माफी की प्रक्रिया सरल बनाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं करती है तो आंदोलन किया जाएगा।
हिंगोली जिले में आत्महत्या करने वाले एक किसान के परिवार से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में दिपके ने किसानों की समस्याओं पर चिंता जताई और सरकार से तत्काल कदम उठाने की अपील की।
राजनीतिक दलों पर क्या आरोप लगाए?
दिपके ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल किसानों को केवल चुनाव के दौरान याद करते हैं और सत्ता में आने के बाद उन्हें नजरअंदाज कर देते हैं। उन्होंने सवाल उठाया, ‘चुनाव के समय किसानों को अन्नदाता कहा जाता है, लेकिन सत्ता में आने के बाद कोई उनकी सुध नहीं लेता। विधायक, सांसद और मंत्री कहां हैं? क्या किसानों को यही महत्व दिया जाता है?’
अधिकारियों को नहीं जानकारी?
दिपके ने कहा, ‘मैं विदर्भ और मराठवाड़ा का दौरा कर रहा हूं और आत्महत्या करने वाले किसानों के परिवारों से मिल रहा हूं। हैरानी की बात है कि अधिकारियों को भी इन घटनाओं की जानकारी नहीं है। सरकार भी किसानों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है। कुछ दिन पहले आत्महत्या करने वाले एक किसान के परिवार में एक किशोर को पढ़ाई छोड़कर परिवार का खर्च चलाने के लिए काम करना पड़ रहा है।’
राज्य सरकार से अध्यादेश जारी करने की मांग
दिपके ने राज्य सरकार से अध्यादेश या आदेश जारी कर निजी वित्त कंपनियों को किसानों से कर्ज वसूली के लिए परेशान करने से रोकने की मांग भी की। उन्होंने कहा, ‘किसान इसलिए कर्ज लेते हैं, क्योंकि उनके पास आय का कोई दूसरा स्रोत नहीं है। सरकार को कोल्हापुर में गोकुल के मामले की तरह आदेश जारी करना चाहिए और स्पष्ट करना चाहिए कि वित्त कंपनियां किसानों को परेशान न करें। आखिर किसानों को पुलिस थानों के चक्कर लगाकर शिकायत क्यों दर्ज करानी पड़े? अधिकारी गरीब किसानों को अपने कार्यालयों में बैठने तक नहीं देते।’ उन्होंने बताया कि उन्होंने ऐसे किसानों से भी बातचीत की है, जिन्हें फसल बीमा की पात्र राशि नहीं मिल रही है।
कर्ज माफी पर क्या बोले दिपके?
दिपके ने कहा, ‘कर्ज माफी लागू होनी चाहिए और किसानों को प्रति हेक्टेयर 50 हजार रुपये की सहायता मिलनी चाहिए। यदि सरकार की इतनी सारी योजनाएं हैं, लेकिन उनका लाभ किसानों तक नहीं पहुंच रहा है तो फिर इन योजनाओं का क्या मतलब है?’ दिपके ने कृषि ऋण माफी के लिए अपनाई जाने वाली जटिल प्रक्रियाओं की भी आलोचना की। उनका कहना था कि दस्तावेजों और केवाईसी संबंधी अनिवार्यताओं के कारण कई किसानों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
दिपके ने कहा कि इस प्रक्रिया को सरल बनाया जाना चाहिए। किसानों को आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए और उनकी फसल बीमा की लंबित राशि का भुगतान किया जाना चाहिए। अभी केवल नवंबर का महीना है और पूरी गर्मी का मौसम बाकी है।
