Sonipat News:ग्रामीण विकास में नहीं आने देंगे कमी, साढ़े पांच करोड़ के कार्यों का लोकार्पण – Rural Development Will Not Be Allowed To Decline, Works Worth Rs 5.5 Crore Inaugurated
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा बोले- गांवों की मांगों के प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। गोहाना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी। रविवार को कैबिनेट मंत्री ने गांव नैना ततारपुर में साढ़े पांच करोड़ रुपये से अधिक की लागत से करवाए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विकास संबंधी मांगों के प्रस्ताव तैयार करवाकर सरकार को भेजने का आश्वासन दिया।
मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए लगातार फैसले ले रही है। हरियाणा में देश में सबसे अधिक गन्ना मूल्य दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहली सरकार है, जिसने अगले पेराई सत्र के लिए भी गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल घोषित कर दिया है। उनके अनुसार, कर्नाटक सहित अन्य गन्ना उत्पादक राज्यों में किसानों को इतना भाव नहीं मिल रहा है।
पंजाब में भुगतान में देरी का लगाया आरोप
पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि वहां गन्ने का भाव 431 रुपये प्रति क्विंटल करने की बात कही जा रही है, लेकिन किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा। इसके विपरीत हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को किसानों की फसल का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। सरकार का प्रयास है कि किसानों को भुगतान के लिए परेशानी न उठानी पड़े।
अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति गंभीर है। किसी भी आपराधिक वारदात के बाद पुलिस तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास करती है। अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उसके शासनकाल में प्रदेश में किस तरह की आपराधिक घटनाएं होती थीं, यह हरियाणा की जनता अच्छी तरह जानती है।
