Barabanki News:हफ्ता वसूली पर बवाल, 14 पर एफआईआर – Uproar Over Extortion; Firs Filed Against 14 Individuals
कुर्सी। खनन और मिट्टी के काम में हफ्ता-वसूली व दबदबे को लेकर कुर्सी इलाके में तनाव बढ़ गया है। चार दिन पहले हुए विवाद में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर दस नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अमरून चौराहा और आसपास का क्षेत्र मिट्टी डालने, समतलीकरण और निर्माण सामग्री की गाड़ियों की आवाजाही का बड़ा केंद्र है। काम के ठेकों और वाहनों के संचालन को लेकर यहां अक्सर खींचतान की चर्चा रहती है। इसी वजह से चौराहे के आसपास माहौल गरमाता रहता है।
अमरसंडा निवासी डंपर संचालक अनुज कुमार यादव ने बताया कि 23 नवंबर की दोपहर वह डंपर में डीजल भरवाने अमरून चौराहे पहुंचे थे। आरोप है कि कल्लू माफिया, सुहैल, फैजियाब, मुन्ना, फैयाज और उसके साथियों ने खनन कारोबार के बदले मासिक हफ्ता मांगा। रुपये न देने पर काम न करने देने और जान से मारने की धमकी दी गई। अगले दिन यानी 24 नवंबर की सुबह लौटते समय चौराहे के पास डंपर पर ईंट-पत्थर बरसाए गए। इससे अगला शीशा टूट गया। इसके बाद बांका व लाठी-डंडों से हमला कर अनुज को घायल कर दिया गया। साथी नीरज के आने पर हमलावर भाग निकले।
दूसरी तरफ, रजौली निवासी फैजियाब ने तहरीर में बताया कि वह साथी सुहेल के साथ दारापुर की नमकीन फैक्टरी के निर्माण में मिट्टी व समतलीकरण का काम करते हैं। आरोप है कि 24 नवंबर को अमरून चौराहे पर अनुज अंबर सिंह, छोटा, अनुज, अजीत और रंजीत ने उन्हें घेर लिया। काम छोड़ने की बात कहते हुए गाली-गलौज व मारपीट की गई। जान बचाने के लिए फैजियाब गुमटी में छिपे। बाद में चार पहिया वाहन से निकलते समय बहरौली मोड़ के पास कार से आगे-पीछे टक्कर मारने का प्रयास किया गया। आसपास के लोग जुटे तो दोनों किसी तरह बच निकले। सीओ फतेहपुर शक्ति सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है सभी को जेल भेजा जाएगा।
