शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर बुशहर

Rampur Bushahar News:राय शरण बस हादसे के बाद सड़क की सुध लेने पहुंचे लोक निर्माण मंत्री – Inspection Of Roads

October 31, 2026


सुंडा-सनेई सड़क के सुधार के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

तंग सड़कों और ब्लैक स्पॉट पर लगेंगे क्रैश बैरियर, बजट का प्राक्कलन तैयार करने को कहा

संवाद न्यूज एजेंसी

डंसा (रामपुर बुशहर)। नोग वैली के राय शरण बस हादसे के बाद ग्रामीणों के आक्रोश और धरना-प्रदर्शन पर संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह शुक्रवार को दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने हादसा स्थल का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों से बातचीत की और सुंडा-सनेई सड़क की बदहाल स्थिति का जायजा लिया। मंत्री ने कराली, जगूनी और सनेई गांव के लोगों के साथ क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की।

ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क की हालत सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क के रखरखाव और सुधार के लिए प्राथमिकता के आधार पर बजट का प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति के लिए सरकार को भेजने को कहा। जगूनी में ग्राम सुधार समिति और अन्य स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मंत्री के समक्ष अपनी मांगें रखीं। विक्रमादित्य सिंह ने आश्वासन दिया कि सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। तंग मोड़ों और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिया। इस दौरान परशुराम मंदिर समिति ने सनेई से शिकारी मंदिर तक अधूरे पड़े सड़क के निर्माण के लिए बजट उपलब्ध करवाने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने क्षेत्र की अन्य समस्याओं से भी मंत्री को अवगत करवाया। इससे पहले विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस मौके पर पंचायत प्रधान पदमा कुमारी, मंडल अध्यक्ष रामपुर लाल चंद शर्मा, बृज लाल, अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, राजेश लारजू, अधिवक्ता दर्शन दास कश्यप सहित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X