बिहार न्यूज:नहर में मिला कंसल्टेंट मैनेजर का शव, पास खड़ी कार में खून के निशान; हत्या की आशंका – Muzaffarpur Tirhut Canal Consultant Manager Rahul Thakur Dead Body Car Blood Stains
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में तिरहुत नहर में एक कंसल्टेंट मैनेजर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव करजा थाना क्षेत्र के खरौना गांव के पास नहर में मिला। मृतक की पहचान राहुल ठाकुर (40) के रूप में हुई है। वह पताही खरौना गांव के रहने वाले थे और एक शिक्षक के पुत्र थे। घटनास्थल के पास उनकी कार भी संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी मिली। कार में एक बैग और खून के छींटे मिलने की बात सामने आई है। पुलिस हत्या के बिंदु पर मामले की जांच कर रही है।
नहर में शव देखकर ग्रामीणों में मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, करजा थाना क्षेत्र में तिरहुत नहर के पास ग्रामीणों ने एक युवक का शव लावारिस हालत में पड़ा देखा। इसकी खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल करजा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद उसकी पहचान राहुल ठाकुर के रूप में हुई। घटनास्थल के पास एक कार खड़ी मिली, जिसकी परिस्थितियां संदिग्ध बताई जा रही हैं। कार के अंदर एक बैग भी पड़ा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार को बारीकी से देखने पर उसमें खून के छींटे दिखाई दिए। इसके बाद घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई जाने लगी।
पुणे और पटना में एडमिशन कराने का करते थे काम
बताया गया है कि राहुल ठाकुर पुणे और पटना में एडमिशन कराने का काम करते थे। इसी सिलसिले में उनका बाहर आना-जाना लगा रहता था। वह कभी-कभी ही घर आते थे। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से वह घर पर ही रह रहे थे। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन भागते हुए घटनास्थल पर पहुंचे। राहुल का शव देखते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीण एसपी और एसडीपीओ ने संभाला मोर्चा, FSL टीम बुलाई
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर और एसडीपीओ सरैया अभिजित कौर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया। टीम मौके से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटा रही है, ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।
हत्या के बिंदु पर जांच कर रही पुलिस
एसडीपीओ सरैया अभिजित कौर ने बताया कि करजा थाना क्षेत्र के तिरहुत नहर के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान कर ली गई है। मामले की बारीकी से जांच और साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस हत्या के बिंदु पर भी जांच कर रही है। घटनास्थल से मृतक की कार बरामद की गई है। परिजनों का बयान लिया जा रहा है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि राहुल ठाकुर की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह हो सकती है।
