शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Karnal News:एक और लाल विदेश से नहीं लौटा… ऑस्ट्रेलिया में सड़क हादसे में ब्याना के तुषार की मौत – Another Son Did Not Return From Abroad… Tushar From Bayana Dies In A Road Accident In Australia
करनाल

Karnal News:एक और लाल विदेश से नहीं लौटा… ऑस्ट्रेलिया में सड़क हादसे में ब्याना के तुषार की मौत – Another Son Did Not Return From Abroad… Tushar From Bayana Dies In A Road Accident In Australia

November 1, 2026


करनाल। परिवार की आर्थिक हालत सुधारने और अपनों का भविष्य संवारने का सपना लेकर ऑस्ट्रेलिया गए ब्याना के 24 वर्षीय तुषार कांबोज की सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स में ह्यूम हाईवे पर दो ट्रकों की टक्कर में ट्रक चालक तुषार की जान चली गई। जिस बेटे को बेहतर भविष्य की उम्मीद में टेलर पिता ने कर्ज लेकर विदेश भेजा था, उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। परिवार उसके लौटने पर शादी करने के सपने भी संजो रहा था।

तुषार के पिता राकेश कुमार ने बताया कि बेटे को विदेश भेजने और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए उन्होंने पशुबाड़ा बेच दिया और कर्ज भी लिया। करीब 15 लाख रुपये खर्च करके एक जनवरी 2022 को बेटे को स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया भेजा था। तुषार ने यहां 12वीं तक पढ़ाई की थी। विदेश में पढ़ाई के साथ वह ट्रक चलाने का काम करने लगा था। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा मेहनत कर आर्थिक स्थिति सुधारेगा और एक दिन घर लौटकर सबके सपने पूरे करेगा।

एक रात पहले नए घर को लेकर हुई थी बातचीत

पिता के अनुसार, 29 अक्तूबर को तुषार की परिवार से फोन पर बात हुई थी। घर में नया मकान बन रहा है। इसी को लेकर बातचीत हुई। परिवार ने उसके घर लौटने के बारे में पूछा तो उसने बताया कि जनवरी 2027 में मकान का काम पूरा होने के बाद वह वापस आएगा। परिवार ने भी उसके लौटने के बाद शादी की तैयारी करने की उम्मीद लगा रखी थी। घर पर उसकी मां, छोटा भाई, दादी और चाचा हैं।

सुबह पांच बजे मिली हादसे की सूचना, शव लाने की तैयारी

राकेश कुमार ने बताया कि 30 अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया के स्थानीय समयानुसार सुबह करीब नौ बजे ह्यूम हाईवे पर गनिंग के पास हादसा हुआ। तुषार का ट्रक दूसरे ट्रक से टकरा गया। परिवार को सुबह करीब पांच बजे हादसे की सूचना मिली। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। अब परिवार को उसके पार्थिव शरीर के भारत आने का इंतजार है। पिता के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया में तुषार के साथी शव भारत लाने में मदद कर रहे हैं। करीब 10 दिन में शव पहुंचने की उम्मीद है। पिता ने सरकार से भी बेटे का पार्थिव शरीर भारत लाने में मदद की गुहार लगाई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X